App

Rajasthan Weather Update: जैसलमेर में अचानक बरसे बादल, राजस्थान के इन जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी

राजस्थान में 14 नवंबर को मौसम ने करवट ली. जैसलमेर में अचानक रिमझिम बारिश से ठंडक बढ़ी. मौसम विभाग ने कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. 16 नवंबर से तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट के आसार हैं.

Rajasthan Weather Update: जैसलमेर में अचानक बरसे बादल, राजस्थान के इन जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी
Image Credit: AI Image

राजस्थान में आज शनिवार 14 नवंबर को मौसम ने अचानक करवट ले ली. पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया और रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया. स्वर्णनगरी में करीब 20 मिनट तक रुक-रुककर बारिश की बूंदें गिरती रहीं. दोपहर से ही आसमान में काली घटाएं छाई हुई थीं. बादलों की आवाजाही के बीच कभी धूप निकल रही थी तो कभी आसमान बादलों से ढक जा रहा था. अचानक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और हवाओं में ठंडक घुल गई. लंबे समय बाद बदले मौसम से स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिली.

जैसलमेर में बारिश से बदला मौसम का मिजाज
जैसलमेर में शनिवार दोपहर तक आसमान में बादलों का जमावड़ा लगा हुआ था. इसके बाद अपराह्न में अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई. रुक-रुककर हुई बारिश से सड़कों और खुले इलाकों में नमी बढ़ गई. मरुभूमि में बारिश की बूंदें गिरने से मौसम में ठंडक महसूस होने लगी है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने के आसार हैं. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को राहत मिली है.

पश्चिमी विक्षोभ से 15 नवंबर तक बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के 14 नवंबर के दैनिक पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके प्रभाव से 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने, मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है.

15 नवंबर को बीकानेर संभाग, अजमेर और जयपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों के साथ शेखावाटी क्षेत्र में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं. प्रदेश के बाकी अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.

इन जिलों में जारी हुई मौसम की चेतावनी
जयपुर मौसम विभाग के अनुसार, 14 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी गई है. वहीं 14 नवंबर शाम 5 बजे जारी तत्कालिक मौसम चेतावनी में जैसलमेर, बीकानेर और फलोदी में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.

15 नवंबर को भी मौसम का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है. पूर्वी राजस्थान में झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर में मेघगर्जन व वज्रपात की चेतावनी है. पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में भी मौसम खराब होने की आशंका है.

16 नवंबर से तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 16 नवंबर से प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं.

पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा. चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ, जबकि भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा. अब पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के मौसम में बदलाव आने और ठंड बढ़ने की संभावना है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More