App

कप्तानी में वैभव सूर्यवंशी की शर्मनाक शुरुआत, समीर रिजवी का गरजा बल्ला; उर्विल पटेल ने उड़ाए चौके-छक्के

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी की बिहार की टीम को पहले मैच हार का सामना करना पड़ा है. उर्विल पटेल ने गुजरात और समीर रिजवी ने उत्तर प्रदेश के लिए तेज तर्रार फिफ्टी लगाकर सबका ध्यान खींचा.

कप्तानी में वैभव सूर्यवंशी की शर्मनाक शुरुआत, समीर रिजवी का गरजा बल्ला; उर्विल पटेल ने उड़ाए चौके-छक्के
Image Credit: समीर रिजवी, उर्विल पटेल और वैभव सूर्यवंशी. BCCI

भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इतिहास रच दिया. वह इस टूर्मामेंट के साथ-साथ टी20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए. उन्होंने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में शनिवार (14 नवंबर) को बिहार की कमान संभाली. उन्होंने कप्तानी में रिकॉर्ड तो बनाया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए. बिहार को सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. बिहार से मिले 138 रन के टारगेट को सौराष्ट्र ने 16.3 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.

वैभव ने 15 साल 232 दिन की आयु में कप्तानी संभाली. उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिच के रिकॉर्ड को तोड़ा. वुकुसिच ने 17 साल और 311 दिन की आयु में पहली बार टी20 मैच में कप्तानी की थी. वैभव के लिए यह मैच निराशाजनक रहा. वह बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए. वह 12 गेंद पर 18 रन ही बना सके. बिहार की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन ही बना सकी.

समीर रिजवी का अर्धशतक

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के लिए विस्फोटक बल्लेबाज समीर रिजवी ने मुंबई के शरद पवार इंडोर क्रिकेट एकेडमी बीकेसी के मैदान पर तूफानी पारी खेली. समीर ने राजस्थान के खिलाफ ताबड़तोड़ अंदाज में 74 रन बनाए. वह जब बल्लेबाजी के लिए आए थे तब उत्तर प्रदेश ने 69 रनों पर चार विकेट गंवा दिए थे. यहां से समीर ने सिद्धार्थ यादव के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की. उन्होंने 35 गेंदों पर 74 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और सात छक्के निकले. उत्तर प्रदेश ने 20 ओवर में छह विकेट पर 171 रन बनाए. समीर की इस विस्फोटक पारी के बावजूद उत्तर प्रदेश की टीम हार गई. राजस्थान ने 15.4 ओवर में चार विकेट गंवाकर मैच को जीत लिया.

उर्विल और खिलन ने मचाया तूफान

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुजरात के लिए उर्विल पटेल ने बल्ले से तूफान मचा दिया. आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलने वाले उर्विल ने 30 गेंदों पर 62 रनों की तूफानी पारी खेली. उन्होंने छह चौके और चार छक्के लगाए. अपना डेब्यू करने वाले वाले स्पिन ऑलराउंडर खिलन पटेल ने 29 गेंदों पर 84 रन ठोके. उन्होंने छह चौके और आठ छक्के लगाए. गुजरात ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 250 रन बनाए. जवाब में ओडिशा की टीम सुभ्रांशु सेनापति की 49 गेंद पर 87 और कार्तिक बिस्वाल की 32 गेंद ग पर 55 रनों की पारी के बावजूद आठ विकेट पर 229 रन ही बना सकी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More