)
मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के मानस भवन में आयोजित 'सफाई मित्र सम्मान' समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक बेहद आत्मीय और संवेदनशील अंदाज देखने को मिला. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने वाले सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और उन्हें नमन किया. इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने भावुक होते हुए कहा कि जबलपुर आज देश के सबसे स्वच्छ नगरों की श्रेणी में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है और इसका पूरा श्रेय इन कर्मयोगियों को जाता है, इसलिए जबलपुर आने का कार्यक्रम बनते ही उन्होंने सबसे पहले इन सफाई मित्रों को प्रणाम करने का संकल्प लिया था.
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मियों के कल्याण और सुरक्षा के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्हें आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने की महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. भारतीय संस्कृति में दीपावली पर झाड़ू पूजन के महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा में स्वच्छता को पूजा का दर्जा प्राप्त है. इससे पहले उन्होंने अधारताल परिसर स्थित बिरसा मुंडा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जबलपुर पर परमात्मा की अद्भुत कृपा है. संस्कारधानी और न्याय की नगरी को बाबा महाकाल का आशीर्वाद मिला है, जिससे इस नगर का समय बदला है. संगमरमर की नगरी भेड़ाघाट की पहचान रखने वाला जबलपुर अब स्वच्छता की नगरी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है. स्वच्छता की मिसाल जब भी कहीं देखने को मिलेगी, तो वह हमारे अपने जबलपुर से मिलेगी.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दीपावली पर जब हम मां महालक्ष्मी की पूजा करते हैं, तो वहां स्वच्छता के प्रतीक झाड़ू का भी विशेष महत्व होता है. हमारी मान्यता है कि यदि हम स्वच्छता के इस प्रतीक को सम्मान नहीं देते, तो मां लक्ष्मी का आशीर्वाद भी प्राप्त नहीं होता. वास्तव में, हमारी संस्कृति इतनी समृद्ध और महान है कि वह स्वच्छता को भी पूजा और संस्कार का अभिन्न अंग मानती है. कल ग्वालियर में आयोजित सफ़ाई मित्रों के सम्मान समारोह में मैंने सहभागिता की थी. मुझे ये कहते हुए प्रसन्नता है कि ग्वालियर सहित इंदौर-देपालपुर, उज्जैन, देवास और बुदनी ने सफ़ाई के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर जबलपुर को बधाई देते हुए कहा कि सरकार वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना पर तेजी से काम करने के लिए तैयार है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सफाईकर्मियों के सम्मान और उन्हें जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'नमस्ते योजना' की शुरुआत की है. इसी कड़ी में प्रदेश सरकार ने भी सफाईकर्मियों को आयुष्मान योजना का लाभ देने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जबलपुर-भोपाल-इंदौर-उज्जैन को जोड़ने वाले इकोनॉमिक कॉरिडोर की घोषणा पहले ही की जा चुकी है और जल्द ही आरजीपीवी के तीन हिस्सों में से एक विश्वविद्यालय जबलपुर में स्थापित होने जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस पूरे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.