)
मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह 'जनजातीय गौरव सप्ताह' के राज्यस्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया. जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिरकत की और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके देश के प्रति अमूल्य बलिदान को याद किया. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्र की संस्कृति, स्वधर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और देश उनके बलिदान को सदैव याद रखेगा.
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के उत्थान और क्षेत्र के विकास के लिए बड़ा कदम उठाते हुए जबलपुर को 133 करोड़ रुपये की लागत के 5 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी. साथ ही, राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय धर्मगुरुओं, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार आदिवासी अंचलों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनजातीय नायकों के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है.
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने 25 वर्ष के छोटे से जीवन काल में स्वदेश, स्वधर्म, स्वाभिमान और समाज में अनुशासन को विशेष महत्व दिया. उनको जितने अलंकरण दिए जाएं कम हैं. देश उनके अमर बलिदान को सदैव स्मरण रखेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभालने के बाद भारत के जनजातीय नायकों के बलिदान और विरासत को आगे बढ़ाने के लिए कार्य प्रारंभ किया. उन्होंने जनजातीय नायकों ने हमारी प्राचीन संस्कृति और विरासत के संरक्षण में विशेष योगदान दिया.
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गौंडवाना सम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती ने अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय नायकों ने महत्वपूर्ण संघर्ष किया. इसे याद रखने की जरूरत है. भगवान बिरसा मुंडा ने अपनी पहचान और संस्कृति के लिए जागरुक और संगठित होने की सीख दी. उन्होंने कहा था कि संस्कृति से बड़ी कोई विरासत नहीं और स्वाभिमान से बड़ा कोई गौरव नहीं. भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत की.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय नायकों के योगदान और उनके आदर्शों को पहुंचा रही है. हमारी सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक जबलपुर में आयोजित की. इसके बाद कटनी के पास संग्रामपुर में दूसरी कैबिनेट बैठक भी रानी दुर्गावती को समर्पित की. जबलपुर के राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह के नाम पर राज्य सरकार मेडिकल कॉलेज की स्थापना कर रही है. खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर विश्विद्यालय खोला गया है. टंट्या मामा ने धार, झाबुआ, आलीराजपुर में क्रांति की मशाल जलाई थी. सरकार ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नाम राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा है. प्रदेश के इतिहास में भीमा नायक, ख्वाजा नायक, बादल भोई जैसे जनजातीय वीरों की लंबी श्रृंखला है, जिनके माध्यम से हमारी युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, साहस, स्वाभिमान की प्रेरणा मिलती है.
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जबलपुर को 133 करोड़ की लागत से छात्रावास और विद्यालय की सौगात मिली है. जनजातीय क्षेत्र के युवा भी पढ़-लिखकर आगे बढ़ें और प्रदेश के विकास में योगदान दें.
- छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट जिले में 85 करोड़ की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनाए जाएंगे.
- जनजातीय समाज के कल्याण के लिए पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 98 करोड़ लगात के विकास कार्य, धरती आबा के माध्यम से 401.56 करोड़ के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किए गए. जनजातीय क्षेत्रों को इससे नई गति मिलेगी.