App

राहुल गांधी, तेजस्वी और राज ठाकरे पर बरसे बिहार के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, फोन टैपिंग पर भी दिया बयान

बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने राहुल गांधी पर सनातन संस्कृति का समर्थक नहीं होने का आरोप लगाया और फोन टैपिंग के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव किया.

राहुल गांधी, तेजस्वी और राज ठाकरे पर बरसे बिहार के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, फोन टैपिंग पर भी दिया बयान
Image Credit: प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, बिहार सरकार में मंत्री

बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे के बयानों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने राहुल गांधी पर सनातन संस्कृति का समर्थक नहीं होने का आरोप लगाया. वहीं, राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे ओछे कामों में नहीं पड़ते. बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी कभी भी सनातन संस्कृति के समर्थक नहीं रहे हैं. यह बात शुरू से ही स्पष्ट है. उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का भी जिक्र करते हुए कहा कि वे भी सनातन संस्कृति के समर्थक नहीं थे. इसी वजह से उनके और भाजपा के वैचारिक मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बीच वैचारिक मतभेद थे.

राज ठाकरे के बयान पर नाराजगी

मंत्री ने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति सनातन संस्कृति का समर्थक नहीं रहा, वह हिंदू धर्म, संस्कृति, लोक आस्था और परंपराओं का समर्थक कैसे हो सकता है? महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर भी मंत्री ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि राज ठाकरे को इस तरह के विवादित बयान देने से बचना चाहिए. हर व्यक्ति की अपनी आस्था और विश्वास होता है. किसी को भी दूसरे की धार्मिक मान्यताओं का अपमान नहीं करना चाहिए.

राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोप पर पलटवार

चंद्रवंशी ने कहा कि छठ पूजा के अवसर पर बिहार के हजारों मजदूर महाराष्ट्र में मेहनत करते हैं. वहां केवल मजदूर ही नहीं बल्कि अधिकारी भी काम करते हैं और महाराष्ट्र के विकास में योगदान देते हैं. ऐसे में राज ठाकरे को कम से कम उन लोगों की मेहनत और आस्था का सम्मान करना चाहिए. राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तरह के ओछे कामों में नहीं पड़ते. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बात वह अपनी व्यक्तिगत हैसियत से कह रहे हैं. इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके व्यवहार, आचरण, गतिविधियों और कार्यों को देखते हुए राष्ट्रीय हित में उनका फोन टैप किया जाना चाहिए. इस टिप्पणी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो सकती है.

तेजस्वी को लालू-राबड़ी शासनकाल की दिलाई याद

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए मंत्री ने उन्हें अपने माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल की समीक्षा करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि तेजस्वी को उस समय के बिहार की स्थिति की तुलना मौजूदा सरकार के कार्यकाल से करनी चाहिए. चंद्रवंशी ने कहा कि आज बिहार में न तो अपहरण की घटनाएं हो रही हैं और न ही रंगदारी मांगी जा रही है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी को पहले अपने माता-पिता के शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति का आकलन करना चाहिए और फिर वर्तमान सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने चाहिए.

पुराने मामलों का किया जिक्र

झारखंड कांग्रेस के विधायक भूषण बारा पर लगे दुष्कर्म के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रवंशी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का तौर-तरीका और चरित्र शुरू से ही खराब रहा है. अपने आरोपों के समर्थन में उन्होंने बिहार के पापरी बोस मामले, तंदूर हत्याकांड, राजस्थान के भंवरी देवी मामले और बिहार के बॉबी हत्याकांड का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ये घटनाएं कांग्रेस के शासनकाल में हुई थीं. साथ ही कांग्रेस की प्रवक्ता नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि पार्टी के पास अच्छे लोगों की कमी है.

भाजपा की जीत का हवाला देकर विपक्ष पर साधा निशाना

मंत्री ने भाजपा की चुनावी सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से पहले यह धारणा थी कि किसी खास समुदाय के वोट के बिना सत्ता में आना संभव नहीं है. लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2014 में 282 और 2019 में 303 लोकसभा सीटें जीतकर इस धारणा को गलत साबित किया. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को अब यह समझ आ गया है कि जब तक हिंदू एकजुट रहेंगे, तब तक प्रधानमंत्री मोदी को कमजोर करना मुश्किल होगा. इसलिए विपक्ष हिंदुओं को बांटने की कोशिश कर रहा है.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो