)
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आस्था के महापर्व छठपूजा के दूसरे दिन खरना के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि भगवान भास्कर की उर्जा हम सभी को अपने कामों में शक्ति प्रदान करें. भाजपा चीफ नितिन नवीन ने कहा कि सभी देशवासियों और बिहार के लोगों को महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं. आज इसका दूसरा दिन, 'खरना' है. आज छठ व्रतियों के माध्यम से सभी को प्रसाद के रूप में खीर बांटी जाती है. हमारी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा यह पर्व हम सभी के जीवन में खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए. भगवान भास्कर की उर्जा हम सभी को अपने कामों में शक्ति प्रदान करेगी. सोशल मीडिया पोस्ट में नितिन नवीन ने कहा कि दिनभर के उपवास के बाद संध्या में प्रसाद ग्रहण कर व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेते हैं. मिट्टी के चूल्हे पर तैयार यह प्रसाद सादगी, पवित्रता और अटूट आस्था का प्रतीक है. छठी मैया की कृपा से सभी व्रतियों का तप सफल हो.
बिहार भाजपा चीफ संजय सरावगी ने पोस्ट करते हुए लिखा कि पवित्रता, तप और अटूट आस्था के साथ लोकआस्था के महापर्व छठ का दूसरा दिन खरना की शुभकामनाएं. इस पावन अवसर पर भगवान सूर्य देव एवं छठी मैया से प्रार्थना है कि सभी व्रतियों को व्रत के निर्वहन हेतु शक्ति प्रदान करें तथा समस्त परिवारों के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनाए रखें.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लिखा कि गुड़ की मीठी खीर और श्रद्धा-भक्ति के साथ आज लोक आस्था के महापर्व छठ का दूसरा दिन 'खरना' मनाया जा रहा है. इस पावन अवसर पर सभी देशवासियों एवं छठ व्रतियों को शुभकामनाएं. छठी मईया सबकी मनोकामनाएं पूरी करें.
जदयू सांसद संजय झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि लोकआस्था के महापर्व छठ के दूसरे अनुष्ठान 'खरना' की शुभकामनाएं. तप, त्याग, पवित्रता और अटूट आस्था का प्रतीक खरना, छठ व्रत की सबसे महत्वपूर्ण परंपराओं में से एक है. इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास के बाद प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेते हैं. छठी मईया और भगवान सूर्यदेव से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं. सभी छठ व्रतियों को खरना की शुभकामनाएं. जय छठी मईया.
इनपुट: आईएएनएस