App

Chhath Puja 2026: 36 घंटे की तपस्या, आंखों में श्रद्धा और दिल में छठी मैया... आस्था का वो पर्व, जहां डूबते सूरज को भी मिलता है सम्मान

भले ही छठ का उपवास कुछ ही लोग रखते हैं, लेकिन इसे सफल बनाने के लिए पूरे एक हफ्ते तक पूरा समुदाय जुटा रहता है. नदी किनारे घाट में सूर्य के अर्घ्य देने और आटे-गुड़ से बने ठेकुआ इस महापर्व की चमक को और बढ़ाते हैं.

Chhath Puja 2026: 36 घंटे की तपस्या, आंखों में श्रद्धा और दिल में छठी मैया... आस्था का वो पर्व, जहां डूबते सूरज को भी मिलता है सम्मान

Chhath Puja 2026: भारत के बिहार, झारखंड और पूर्वांचल में हर साल लाखों लोग भगवान सूर्य की अराधना करते हुए छठ महापर्व मनाया जाता है. पिछले कुछ सालों से महाराष्ट्र, बंगाल, ओडिशा जैसे देश के कई अलग-अलग राज्यों और यहां तक की विदेश में भी यह बड़े स्तर पर खूब धूम-धाम से मनाया जाता है. सूर्य के सम्मान में मनाए जाने वाले इस पर्व में निर्जला यानी बिना पानी पिए व्रत रखा जाता है और पानी में खड़े होकर उगते हुए और डूबते हुए सूर्य की रोशनी को अर्घ्य दिया जाता है.  

ऋग्वेद में भी सूर्य की उपासना को लेकर कई तरह के अनुष्ठानों का जिक्र किया गया है. कहा जाता है कि भगवान राम लंका से विजयी होने के बाद जब माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे, तब उन्होंने सूर्य देव के लिए उपवास रखा और यज्ञ किया था. महाभारत में भी कर्ण ने अपने पिता सूर्य के सम्मान में अनुष्ठान किया था.  

छठ का विशेष महत्व

छठ पूजा को दिवाली के 6 दिन बाद मनाया जाता है. कई इसे चैत्र महीने में भी मनाते हैं. कहा जाता है कि अगर कोई 4 दिन के इस पर्व के नियमों का सख्ती से पालन करता है, तो उसे काफी आध्यात्मिक लाभ मिलता है. छठी मैया को  भगवान सूर्य की बहन माना जाता है. ऐसे में छठ पर्व पर सूर्य देव के साथ उनकी भी विशेष पूजा की जाती है. वह ऋषि कश्यप और अदिति की बेटी और भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय की पत्नी भी हैं.    

छठ के अनुष्ठान

छठ के पहले दिन को नहाय-खाय बोला जाता है. इस दिन व्रती लोग तालाब या नदी में स्नान करने के बाद ही खाना खाते हैं. इस दिन तालाब या नदी से पानी लाकर एक चूल्हा तैयार किया जाता है, जिसपर व्रतियों के लिए खाना पकाया जाता है. इस भोजन में लौकी की सब्जी जरूर होती है.

kheer

छठ के दूरे दिन व्रती केवल शाम में केवल एक बार ही खाना खाते हैं, जिसमें रोटी और खीर शामिल होती है. इसी दिन छठ का सबसे पसंदीदा पकवान ठेकुआ भी बनता है. इसे आटे, घी, चीनी या गुड़ से बनाया जाता है. इस प्रसाद को भगवान को चढ़ाने के बाद ही ग्रहण किया जाता है. रोटी-खीर का भोजन करने के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होता है.  

thekua

छठ के तीसरे दिन व्रती व्रती तालाब या नदी किनारे जाकर उसे गन्ने, रंगोली और दीयों से सजाते हैं. इस दौरान बांस की टोकरी में दीयों के साथ केला, चकोतरा, गन्ना, सिंघाड़ा और शकरकंद जैसे भगवान को चढ़ाए जाने वाला प्रसाद रखा जाता है. सूरज डूबते ही व्रती बांस के टोकरे को उठाकर उसे अर्घ्य देते हैं और परिवार के लोग इसपर पानी या कच्चा दूध चढ़ाते हैं.   

 मपोूूप

छठ के चौथे दिन भोर का अर्घ्य यानी उगते सूर्य के लिए इसी अनुष्ठान को दोहराया जाता है. इसके लिए लोग सूर्योदय से पहले घाट पहुंचते हैं. इसके बाद व्रती अन्न-जल ग्रहण कर अपना 36 घंटे का व्रत खोलते हैं और फिर आसपास में प्रसाद बांटते हैं.  

छठ को क्या अनोखा बनाता है?

छठ की एक खास बात ये है कि इसमें कोई पुजारी नहीं होता है. व्रत करने वाले लोग खुद ही भगवान सूर्य की उपासना करते हैं और अपने हिसाब से उन्हें मौसमी फल-सब्जियां चढ़ाते हैं. इस महापर्व में अमीर-गरीब हर किसी के लिए एक ही नियम है. ये महापर्व बताता है कि भगवान की नजर में हम सभी एक हैं और सूर्य की तरह हर डूबने वाली चीज दोबारा और अधिक चमक के साथ उग सकती है.

छठ को लेकर विवाद

छठ को लेकर मुंबई जैसे इलाकों में विवाद भी देखने को मिले हैं. खासतौर से मुंबई में रेलवे स्टेशनों और पब्लिक जगहों पर छठ के गीत और आयोजनों पर बड़ा विवाद हुआ. मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक जगहों पर छठ पूजा के भोजपुरी गाने बजाने और भाजपा की ओर से किए जा रहे आयोजनों को लेकर राज ठाकरे की MNS पार्टी, शिवसेना (UBT) और कुछ मराठी संगठनों ने आपत्ति जताई है. 

उन्होंने इसे सांस्कृतिक अतिक्रमण बताया और इस तरह के आयोजनों की अनुमति न देने की मांग की. इसको लेकर शिवसेना के किशोरी पेडनेकर और भाजपा नेता संजय निरुपम और अमरजीत मिश्रा के बीच तीखा बहस भी हुई.

घाट को लेकर कोर्ट का आदेश

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड के पावना नदी घाटों पर छठ पूजा की तैयारियों को लेकर भी विवाद देखने को मिला. वहां पर कुछ नामों को हटाए जाने के चलते श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस हुई. 'मिथिला छठ पूजा संघ' ने मुंबई की प्रसिद्ध गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा के आयोजन के लिए अनुमति मांगी थी, जिसे बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया. कोर्ट ने धार्मिक स्वतंत्रताऔर पर्यावरण-स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बीच बैलेंस बनाए रखने की बात कही और  प्रशासन को श्रद्धालुओं को कोई दूसरी जगह देने उपलब्ध कराने का आदेश दिया.    

MNS नेता के खिलाफ नोटिस

मुंबई में छठ पूजा को लेकर हुए विवाद के बीच मालाबार हिल पुलिस ने MNS नेता दिनेश पुंडे को BNSS 2023 की धारा 168 के तहत नोटिस जारी किया है. उन्होंने गिरगांव चौपाटी और बाणगंगा टैंक में छठ पूजा की रीतियों और पूजा सामग्री के विसर्जन का विरोध किया था. वहीं, पटना एयरपोर्ट पर बाहर से आये लोंगो ने छठ के चलते फ्लाइट का किराया बढ़ाने पर आपत्ति जताई. उनका कहना था कि लोंगो को छठ मनाने आना है उनकी मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है. सरकार को इसपर लगाम लगाना चाहिए.  

बिहार में छठ की रौनक

बिहार के दानापुर में छठ महापर्व को लेकर गंगा घाटों पर NDRF की कड़ी निगरानी की जा रही है. यहां 400 जवान सुरक्षा के लिए तैनात हैं. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए दिघा स्थित NDRF की 9वीं बटालियन की टीम लगातार गंगा घाटों पर निगरानी कर रही है. वहीं, जहानाबाद में भी छठ  महापर्व की तैयारियों को लेकर शहर के बाजार पूरी तरह से गुलजार हो गए हैं. सूप, दउरा और फलों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है. शहर के स्टेशन,ऊंटा,मलहचक, राजाबाजार से लेकर बाजार समिति और अरवल मोड़ तक पूजन सामग्री और फलों की दुकानें सजी हुई हैं.

छठ

पटना में भी खरना पर गंगा घाटों पर छठ व्रतियों की भीड़ उमड़ी है. यहां नहाय-खाय के बाद आज छठ व्रती खरना कर रहे हैं. इस मौके पर सुबह से ही पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. छठ व्रती गंगा स्नान कर रहे हैं और पूजा-पाठ के बाद गंगा जल लेकर घर लौट रहे हैं. इसी गंगाजल से आज शाम खरना का प्रसाद तैयार किया जाएगा, जिसमें खीर और रोटी का भोग लगाया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More