Rajasthan Weather: राजस्थान में पिछले 24 घंटों में पश्चिमी इलाके के श्रीगंगानगर जिले के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी और तेज हवाएं चलीं, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम सूखा रहा. सबसे ज्यादा बारिश श्रीगंगानगर के करणपुर में 20 मिमी दर्ज की गई. सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान पिलानी में 38.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आज बदलेगा मौसम का मिजाज
आज 11 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के बीकानेर संभाग और जयपुर-भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है. 13 से 15 अक्टूबर के बीच बीकानेर संभाग और शेखावाटी इलाके के कुछ हिस्सों में आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. आने वाले दिनों में राज्य के बाकी ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से सूखा रहने की उम्मीद है.
इन इलाकों में येलो अलर्ट जारी
राजस्थान में मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. बीकानेर जिले और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
बारिश का ऑरेंज अलर्ट
वहीं श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम बदलने की संभावना है. यहां कहीं-कहीं हल्की से मध्यम मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
सर्दी से बचने के उपाय
प्रदेश में जल्द ही सर्दी शुरू हो सकती है. ऐसे में सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले ठंड से बचाव की तैयारी कर लें. सर्दी शुरू होते ही सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें और सिर, कान व पैरों को ढककर रखें. शरीर को गर्म रखने के लिए गुनगुना पानी पिए. इसके साथ ही पौष्टिक और गर्म भोजन लें. जिस कमरे में सोते हों उस कमरे को गर्म रखें, लेकिन बंद कमरे में अंगीठी या कोयला जलाने से बचें.
दिन में गर्मी रात में ठंडक का एहसास
अक्टूबर महीने की शुरुआत में पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है. जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानरे और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है. तो वहीं पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना महसूस हो रहा है. जो कि हल्की ठंड का अहसास करा रही है.