राजस्थान में नहीं दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, जानें 10 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में 10 नवंबर को मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है. बाड़मेर 38.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज हुआ. दिन में गर्मी और सुबह-रात हल्की ठंड का असर बना रहेगा.
राजस्थान में नवंबर के महीने में मौसम का मिजाज लगातार शुष्क बना हुआ है. प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इसके साथ ही अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के तापमान में भी कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि, दिन के समय कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. वहीं, सुबह और रात के समय हल्की ठंड का असर महसूस होने लगा है.
बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान, जैसलमेर भी गर्म
सोमवार को प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जैसलमेर में 37.4 डिग्री, जोधपुर में 36.1 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. वहीं, अजमेर और भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री, बीकानेर में 34.1 डिग्री और जयपुर में 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, सीकर में 32 डिग्री और अलवर में 31 डिग्री सेल्सियस रहा. इससे साफ है कि प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में दिन के समय गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है.
यह भी पढ़ेंः दिवाली के बाद भी राजस्थान में गर्मी का असर, फिलहाल बारिश के आसार नहीं, दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड
रात के तापमान में भी ज्यादा गिरावट नहीं
प्रदेश में न्यूनतम तापमान की बात करें तो बाड़मेर, बीकानेर और जयपुर में रात का तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री और जोधपुर में 18.4 डिग्री रहा. वहीं, सीकर में 18 डिग्री, अजमेर में 17.3 डिग्री और श्रीगंगानगर में 16.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
माउंट आबू में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री और सिरोही में 14.4 डिग्री रहा. इन इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो सकता है.
पश्चिमी विक्षोभ का राजस्थान पर नहीं दिखेगा खास असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर भी चक्रवाती परिसंचरण कायम है. वहीं, 10 नवंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, इसका राजस्थान में बारिश के रूप में कोई विशेष असर नहीं है.
अगले एक सप्ताह तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के किसी भी जिले के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है. प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने वाला है. दिन में गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि सुबह और रात के समय कुछ इलाकों में हल्की ठंड महसूस होगी.