)
राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी दिन मौसम का मिजाज बदल रहा है. राज्य में सुबह और रात के समय हल्की ठंड का असर बढ़ने लगा है. पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है, जबकि भीलवाड़ा के कई इलाकों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा. कोटा-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम हो गई.
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर से पश्चिमी राजस्थान और 1 नवंबर से पूर्वी राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
अगले एक हफ्ते तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में फिलहाल बारिश की गतिविधियों की संभावना कम है. 31 अक्टूबर से पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. वहीं, 1 नवंबर से पूर्वी राजस्थान में भी अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है. इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय धूप खिली रह सकती है, जबकि सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ हल्की ठंडक बढ़ सकती है.
भीलवाड़ा में घना कोहरा, हाईवे पर विजिबिलिटी घटी
भीलवाड़ा के सवाईपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह मौसम का बदला हुआ रूप देखने को मिला. अलसुबह से ही इलाके में घना कोहरा छाया रहा. कोटा-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोहरे का खासा असर दिखाई दिया. कई स्थानों पर विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि 100 फीट की दूरी पर भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था. ऐसे में वाहन चालक हेडलाइट जलाकर सावधानी से गुजरते नजर आए.
कोहरे के साथ ही इलाके में सर्दी का असर भी महसूस किया गया. ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्ग और बच्चे गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए. सुबह के समय ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण लोगों को हल्की सर्दी का एहसास हुआ.
जोधपुर में गुलाबी ठंड की दस्तक, रात का तापमान गिरने के आसार
सूर्यनगरी जोधपुर में भी मौसम धीरे-धीरे करवट ले रहा है. अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में रात के तापमान में गिरावट के साथ गुलाबी ठंड का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि, दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बना रह सकता है, लेकिन सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी.
आगामी दिनों में राजस्थान में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं लेकिन सुबह और रात के समय बढ़ती ठंड की वजह से मौसम में बदलाव साफ महसूस होने लगा है. आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर और बढ़ सकता है.