राजस्थान में 'जेन जी' का फुल स्वैग! वोटर लिस्ट में एंट्री के लिए 3 लाख से ज्यादा फर्स्ट-टाइमर्स की लाइन
राजस्थान में 15 अक्टूबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के 5,45,863 आवेदन मिले. इनमें 18-19 साल के युवाओं के 3,03,110 आवेदन हैं. भरतपुर, करौली और बूंदी में युवा पंजीकरण आगे रहा.
राजस्थान में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी संख्या में युवा और अब तक पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिक सामने आए हैं. प्रदेश में 15 अक्टूबर तक फॉर्म-6 के जरिए 5 लाख 45 हजार 863 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 3 लाख 3 हजार 110 आवेदन 18 से 19 साल के युवाओं के हैं. यानी कुल आवेदनों में करीब 55.5 फीसदी हिस्सेदारी युवा वर्ग की है. वहीं 20 साल और इससे अधिक उम्र के 2 लाख 42 हजार 753 लोगों ने भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विशेष अभियान की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को पंजीकरण की रफ्तार बढ़ाने और अब तक मतदाता सूची से बाहर रह गए पात्र लोगों की पहचान कर उनके आवेदन भरवाने के निर्देश दिए.
15 दिन में युवाओं के 2.71 लाख आवेदन, 31,600 अग्रिम आवेदन भी शामिल
विशेष अभियान के आंकड़ों के अनुसार 18 से 19 साल के युवाओं के कुल 3,03,110 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 31,600 अग्रिम आवेदन शामिल हैं, जबकि 1 से 15 अक्टूबर के बीच 2,71,510 आवेदन प्राप्त हुए. इसी अवधि में 20 साल और इससे अधिक उम्र के 2,42,753 लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया. हालांकि, ये आंकड़े प्राप्त आवेदनों के हैं. इन सभी आवेदकों के नाम मतदाता सूची में जुड़ने की प्रक्रिया नियमानुसार जांच और निस्तारण के बाद पूरी होगी.
यह भी पढ़ें- मदेरणा परिवार को खुली चुनौती: 'किसी एक वार्ड से चुनाव लड़ने की हिम्मत दिखाएं', BJP विधायक का तंज
युवा मतदाताओं के आवेदन में भरतपुर, करौली और बूंदी आगे
18 से 19 साल के पात्र युवाओं के पंजीकरण के लिए चलाए गए अभियान में भरतपुर, करौली, बूंदी, अलवर और धौलपुर जिलों में सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं. विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा में बसेड़ी, कठूमर, नदबई, अलवर ग्रामीण, बाड़ी, वैर, बामनवास, सपोटरा, केशोरायपाटन, नगर, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, बेगूं, कोटपूतली, चूरू, हिंडौन और झोटवाड़ा में बड़ी संख्या में युवाओं के आवेदन सामने आए हैं.
जयपुर के झोटवाड़ा और विद्याधर नगर में भी पंजीकरण
20 साल और इससे अधिक उम्र के ऐसे पात्र नागरिक, जिनके नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं थे, उनके आवेदन प्राप्त करने में करौली, अलवर, भरतपुर, जयपुर और सवाई माधोपुर जिले अग्रणी रहे हैं. विधानसभा क्षेत्रों में झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, टोडाभीम, तिजारा, हिंडौन, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, गंगापुर, रामगढ़, करौली और सपोटरा में इस आयु वर्ग के सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं. जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र का नाम दोनों आयु वर्गों के प्रमुख आवेदन प्राप्त करने वाले क्षेत्रों में शामिल है.
अब श्रमिक बस्तियों, रैन बसेरों और बेघर लोगों तक पहुंचेंगे बीएलओ
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करें, जिनके नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं. उन्हें फॉर्म-6 भरने में सहायता उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने विशेष रूप से श्रमिक बस्तियों, रात्रि आश्रय स्थलों, बेघर लोगों और वंचित वर्गों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया. स्कूलों और कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी), स्वीप गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश भी दिए. महाजन ने जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कहा.
इन जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में ज्यादा आवेदन
18-19 वर्ष के युवा-भरतपुर, करौली, बूंदी, अलवर और धौलपुर जिले प्रमुख रहे. 20 वर्ष और अधिक उम्र- करौली, अलवर, भरतपुर, जयपुर और सवाई माधोपुर जिलों में अधिक आवेदन मिले. जयपुर की प्रमुख विधानसभा सीटें-झोटवाड़ा और विद्याधर नगर.
यह भी पढ़ें- बारां में AAP ने फूंका पंचायतीराज का चुनावी बिगुल: अब कैसे बिगाड़ेगी बीजेपी-कांग्रेस का समीकरण?
ऐसे जुड़वा सकते हैं मतदाता सूची में नाम
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या ECINET के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भर सकते हैं. बीएलओ से संपर्क करके भी आवेदन प्रक्रिया में सहायता ली जा सकती है.