)
Sri ganganagar News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक सुरक्षा एजेंसियों ने हथियारों और विस्फोटकों की बड़ी खेप बरामद की है. रावला क्षेत्र में सीमा के पास एक खेत से 7.7 किलोग्राम प्लास्टिक एक्सप्लोसिव, दो पिस्टल और करीब 600 कारतूस मिले हैं. इसके अलावा मैगजीन, बैटरियां और अन्य संदिग्ध उपकरण भी बरामद किए गए हैं. इस मामले में पंजाब के रहने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने संयुक्त रूप से की.
ड्रोन की तीन उड़ानों से पहुंचाई गई थी खेप
ANTF के आईजी विकास कुमार के अनुसार, ड्रोन की तीन उड़ानों के जरिए राजस्थान बॉर्डर के पास हथियार, कारतूस और विस्फोटक गिराए गए थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, श्रीगंगानगर के रावला क्षेत्र में 12 केएनडी इलाके के एक खेत में तीन पैकेट मिले. इनकी तलाशी लेने पर 7.7 किलोग्राम प्लास्टिक एक्सप्लोसिव, दो पिस्टल, करीब 600 कारतूस और चार मैगजीन बरामद हुईं. इसके साथ एक रिमोट, दो केपलर और चार बैटरियां भी मिली हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामान में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और विस्फोटक से जुड़ी सामग्री होने की आशंका है. सभी वस्तुओं की गिनती और जांच की जा रही है. विस्फोटकों की प्रकृति और उनकी स्थिति का पता लगाने के लिए जयपुर से विशेष बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है. टीम के पहुंचने के बाद विस्फोटकों को निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जाएगी.
पंजाब के दो संदिग्ध गिरफ्तार
इस मामले में लखविंद्र सिंह और सुखविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है. दोनों पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं और शुरुआती जानकारी के अनुसार, रावला मंडी इलाके में मजदूर बनकर रह रहे थे. जांच एजेंसियों को संदेह है कि वे ड्रोन से गिराए गए पैकेट लेने के लिए वहां पहुंचे थे.
एजेंसियां उन बाइक सवार युवकों की भी तलाश कर रही हैं, जो कथित तौर पर दोनों को रावला छोड़ने आए थे. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि खेप किसके कहने पर मंगाई गई और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था.
एक महीने से चल रही थी निगरानी
ANTF के आईजी विकास कुमार के मुताबिक, एजेंसी को करीब एक महीने पहले सूचना मिली थी कि पंजाब के दो संदिग्ध किसी विशेष उद्देश्य से सीमावर्ती इलाके में मौजूद हैं. इसके बाद उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी.
बाद में खुफिया जानकारी मिली कि हथियारों और विस्फोटकों की खेप अगले दिन पहुंच सकती है. इसके आधार पर ANTF और BSF ने संयुक्त अभियान चलाया और कथित तौर पर खेप लेने आए दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं.