)
आरोपी रामकिशोर महावर ने पढ़ाई महज 11वीं तक की, लेकिन पहचान एक बड़े डॉक्टर की बना ली. फर्जी मेडिकल डिग्रियों के सहारे खुद को गायनेकोलॉजिस्ट बताने वाला रामकिशोर महावर अब SOG की गिरफ्त में है. राजस्थान SOG दिल्ली से ट्रांजिट वारंट पर महावर को जयपुर लेकर पहुंची. पहले उसे जयपुर सेंट्रल जेल ले जाया गया, फिर कोर्ट में पेश किया गया. महावर के साथ फर्जी डिग्री सिंडिकेट के दो अन्य आरोपी सत्यजीत पाणिग्रही और मनीष मांझी को भी कोर्ट में पेश किया गया. ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट क्रम संख्या 11 ने तीनों आरोपियों को 2 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया.
SOG के मुताबिक आरोपियों से हजारों की तादाद में दस्तावेज बरामद हुए हैं. अब इन दस्तावेजों की जांच कर पता लगाया जाएगा कि इस गिरोह ने कितने लोगों को फर्जी डिग्रियां बांटीं और किन-किन विश्वविद्यालयों और मेडिकल कॉलेजों के नाम का इस्तेमाल किया.
पहली बार नहीं पकड़ा गया महावर
महावर की कहानी में सबसे बड़ा खुलासा ये है कि ये पहली बार नहीं है जब वो फर्जी डॉक्टर बनकर पकड़ा गया हो. SOG की पड़ताल में सामने आया कि साल 2020 में भी रामकिशोर महावर फर्जी MBBS और MD डिग्रियों के सहारे बाड़मेर के सिणधरी स्थित JK हॉस्पिटल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर में गायनेकोलॉजिस्ट के तौर पर काम कर रहा था. अस्पताल मालिक खंगार सिंह को उसकी कार्यशैली और डिग्रियों पर शक हुआ. जांच-पड़ताल के बाद सिणधरी थाने में FIR नंबर 189/2020 दर्ज कराई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महावर को गिरफ्तार कर लिया. लेकिन जमानत मिलने के बाद महावर ने अपने फर्जीवाड़े का खेल बंद नहीं किया. बल्कि नए सिरे से नेटवर्क खड़ा करने में जुट गया.
राजस्थान से दिल्ली तक फर्जीवाड़े का नया खेल
जमानत के बाद साल 2024 में महावर ने फिर से राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाया. आरोप है कि अलग-अलग दस्तावेजों के सहारे उसने रजिस्ट्रेशन हासिल किया. इसके बाद दौसा के संजीवनी मेडिकल हॉस्पिटल और नर्सिंग होम में काम शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, करौली में PCPNDT के तहत अलग रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आवेदन भी कर दिया. लेकिन इस बार करौली CMHO को दस्तावेजों पर शक हो गया. दस्तावेज जांच के लिए राजस्थान मेडिकल काउंसिल जयपुर भेजे गए. जांच में फर्जीवाड़े की आशंका सामने आने के बाद मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार ने महावर सहित आठ कथित फर्जी डिग्रीधारी डॉक्टरों के खिलाफ अशोक नगर थाने में FIR दर्ज करवाई. इधर मेडिकल काउंसिल ने रजिस्ट्रेशन निरस्त किया तो महावर राजस्थान छोड़कर दिल्ली पहुंच गया.
PDF से शुरू हुआ फर्जी डॉक्टर बनने का सफर
अब सवाल ये कि आखिर 11वीं पास महावर डॉक्टर कैसे बन गया ? SOG की जांच में सामने आई कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. आरोपी ने शुरुआत वार्ड बॉय के रूप में की. इसके बाद हॉस्टल में नर्सिंग और सोनोग्राफी रूम में काम करने का अनुभव हासिल किया. इसी दौरान उसके हाथ एक PDF लगी. आरोप है कि उसने PDF को एडिट कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन हासिल कर लिया। इसके बाद दिल्ली पहुंचकर वह एक गैंग के संपर्क में आया. इस गैंग के जरिए सिक्किम की यूनिवर्सिटी के नाम से MBBS और MD की फर्जी डिग्रियां हासिल करने का आरोप है. इसके बाद महाराष्ट्र के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज के नाम से डिप्लोमा भी हासिल किया, ताकि ऑनलाइन वेरिफिकेशन में दस्तावेज असली नजर आएं. यानी फर्जी डिग्रियों का ऐसा जाल बुना गया, जिसमें पहली नजर में दस्तावेज असली दिखाई दें. इसके बाद महावर हरियाणा में भी डॉक्टर बनकर इलाज करने लगा.
सफदरजंग के नाम का इस्तेमाल ?
महावर के दिल्ली कनेक्शन की कहानी भी कम चौंकाने वाली नहीं है. SOG के मुताबिक आरोपी का सफदरजंग अस्पताल में आना-जाना था. हालांकि महावर ने पूछताछ में दावा किया कि उसने सफदरजंग अस्पताल में कभी काम नहीं किया, बल्कि वहां से सोनोग्राफी के मरीज लेकर जाता था. SOG को अभी तक अस्पताल में उसके काम करने का रिकॉर्ड नहीं मिला है. जांच एजेंसी के मुताबिक महावर डॉक्टर की एप्रन पहनकर अस्पताल जाता था, जिस पर सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट रामकिशोर महावर लिखा होता था. इसी पहचान के सहारे वह दूसरे अस्पतालों में भी आसानी से पहुंच जाता था. दूसरे अस्पतालों के लोग भी उसे सफदरजंग अस्पताल से जुड़ा डॉक्टर समझ लेते थे. अब SOG सफदरजंग अस्पताल सहित दूसरे अस्पतालों से भी रिकॉर्ड जुटाने में लगी है.
चार राज्यों में फैला सिंडिकेट, SOG के सामने बड़ी चुनौती
SOG ने फर्जी मेडिकल डिग्रियों के इस नेटवर्क की कई कड़ियां जोड़ दी हैं. पश्चिम बंगाल से खुर्रम तौफीक को गिरफ्तार किया गया. मुंबई से सत्यजीत पाणिग्रही और ग्वालियर से मनीष मांझी को पकड़ा गया. वहीं दिल्ली से रामकिशोर महावर को गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया। खुर्रम तौफीक पहले से ही 2 दिसंबर तक रिमांड पर है. लेकिन अब SOG के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस पूरे सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने की है। आरोप है कि गिरोह ने राजस्थान सहित दूसरे राज्यों में भी फर्जी मेडिकल डिग्रियां बांटीं.
अब हजारों दस्तावेजों की जांच होनी है. किन विश्वविद्यालयों के नाम का इस्तेमाल हुआ ? कितने लोगों ने फर्जी डिग्रियों के आधार पर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराया ? कितने लोग आज भी मरीजों का इलाज कर रहे हैं ? क्या इस नेटवर्क के जरिए डॉक्टर बने लोग आज भी अस्पतालों में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं ? SOG के सामने इन तमाम सवालों के जवाब तलाशने की चुनौती है.
11वीं पास व्यक्ति का फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बन जाना और एक बार गिरफ्तारी के बाद फिर उसी गोरखधंधे में उतर जाना. मेडिकल सिस्टम की निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है. अब SOG की जांच सिर्फ रामकिशोर महावर तक सीमित नहीं है. जांच का असली मकसद उन सभी लोगों तक पहुंचना है, जिन्होंने फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर का तमगा हासिल किया और मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ किया.