)
उपतहसील से पैदल लौटते वक्त गाड़ी में डाला, होटल में बनाया बंधक
अमरसर निवासी प्रकाश चंद सैनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में उस खौफनाक रात की पूरी कहानी बयां की है. रिपोर्ट के मुताबिक, 27 नवंबर को प्रधान चुनाव में वोट डालने के बाद जब वे उपतहसील से पैदल घर लौट रहे थे, तभी शुभम यादव और शंकर बाड़ीगर ने कथित तौर पर उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया. जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद आरोपी उन्हें सीधे अचरोल बाग होटल ले गए और एक कमरे में बंद कर दिया.
रात 10 बजे शराब के नशे में पहुंचे दर्जनों लोग, बेल्ट-डंडों से पीटा
पीड़ित का आरोप है कि रात करीब 10 बजे के बाद शराब के नशे में धुत दर्जनों लोग कमरे में घुस आए. उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट पर उतर आए. प्रकाश चंद सैनी के मुताबिक, आरोपियों ने उनके कपड़े उतरवा दिए और बेल्ट, बांस की लकड़ी-लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की. इतना ही नहीं, इस पूरी मारपीट का वीडियो भी बनाया गया. पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में शुभम यादव, शंकर बाड़ीगर, भगवान मीणा, छूट्टन यादव, विनोद धोलीवाल, पूरण बाड़ीगर, सीताराम सामोता और राजेश मीणा सहित कई अन्य लोगों को नामजद किया है.
जबरन RLP ज्वाइन कराने और क्रॉस वोटिंग कबूलवाने का दबाव
शिकायत में महेंद्र चौधरी पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पीड़ित का कहना है कि उन्हें धमकाकर जबरन RLP ज्वाइन करने और उपप्रधान चुनाव में RLP के पक्ष में वोट देने का दबाव बनाया गया. यही नहीं, उनसे ये बात कहने का भी दबाव डाला गया कि उन्होंने प्रधान चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी. बात न मानने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई.
वोटिंग के दिन वायरल हुआ था पत्नी का वीडियो
इस पूरे मामले के पीछे का सियासी गणित भी बेहद दिलचस्प है. अमरसर पंचायत समिति में RLP के 7, कांग्रेस के 6 और भाजपा के 2 सदस्य जीते थे. प्रधान चुनाव में भाजपा से जीतीं समोति देवी ऐन वक्त पर कांग्रेस में शामिल हो गईं और प्रधान बन गईं. इसके ठीक अगले दिन भाजपा के दूसरे सदस्य प्रकाश चंद सैनी ने RLP ज्वाइन कर ली और उपप्रधान चुनाव में RLP के शुभम यादव को वोट दिया.
खास बात यह है कि जिस दिन प्रकाश चंद वोट डालने पहुंचे थे, उस वक्त उनकी पत्नी ने उन्हें रोककर पूछा भी था कि कहीं किसी ने उनके साथ मारपीट तो नहीं की है. हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पत्नी को उनसे मिलने नहीं दिया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था. फिलहाल अमरसर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और जांच के बाद ही पूरे मामले की असली तस्वीर साफ हो सकेगी.
रिपोर्टर - प्रदीप सोनी