)
Nitin Nabin Jaipur Visit: राजस्थान में निकाय चुनाव के बाद अब बीजेपी पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट गई है. पार्टी के पंचायत चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत शुक्रवार को जयपुर के दादिया से होगी. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के मौके पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करेंगे. इस दौरान वे पंचायत चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान का औपचारिक आगाज करेंगे.
दादिया सम्मेलन में जुटेंगे करीब 50 हजार कार्यकर्ता
दादिया में होने वाले सम्मेलन में निकाय चुनाव में जीतकर आए बीजेपी के पार्षद, चुनाव लड़ने वाले पार्षद प्रत्याशी और पार्टी के जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे. इनके अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी सम्मेलन में पहुंचेंगे. करीब 50 हजार कार्यकर्ताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही गई है. नितिन नवीन सम्मेलन के दौरान पंचायत चुनाव के प्रचार अभियान के लिए तैयार किए गए 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इन रथों को प्रदेश की अलग-अलग पंचायतों तक भेजा जाएगा.
हर पंचायत तक पहुंचेंगी सरकार की योजनाएं
बीजेपी के ये प्रचार रथ गांव-गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचेंगे. इनके जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ सरकार की ओर से किए गए काम और उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी. पार्टी पंचायत चुनाव से पहले ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपनी बात पहुंचाने की तैयारी में है.
दादिया के कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन दोपहर बाद जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम पहुंचेंगे. यहां वे युवाओं के साथ संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत और उनसे जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
पांच महीने में दूसरी बार राजस्थान आ रहे नितिन नवीन
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन करीब पांच महीने में दूसरी बार राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं. इससे पहले वे 27 अप्रैल को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद टोंक और जयपुर के दौरे पर आए थे. अब उनके दो दिवसीय राजस्थान दौरे को पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
गुरुवार रात जयपुर पहुंचेंगे बीजेपी अध्यक्ष
नितिन नवीन अपने दो दिवसीय दौरे के लिए गुरुवार रात जयपुर पहुंचेंगे. शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे वे अल्बर्ट हॉल पर आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है. इसके बाद सुबह 11 बजे नितिन नवीन दादिया में होने वाले सम्मेलन में पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. शाम को वे बिरला ऑडिटोरियम में युवाओं से संवाद करेंगे.
प्रदेश के बड़े नेताओं के साथ बैठक की भी तैयारी
अपने राजस्थान दौरे के दौरान नितिन नवीन पार्टी के पदाधिकारियों और प्रदेश के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक भी कर सकते हैं. इस बैठक में निकाय चुनाव के बाद की स्थिति और आने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है. पार्टी संगठन को चुनाव के लिए किस तरह तैयार किया जाए, इसे लेकर भी नेताओं के बीच बातचीत हो सकती है.