)
Rajasthan Congress Protest Jaipur: जयपुर में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहले शहीद स्मारक पर सभा की. इसके बाद सभी चुनाव आयोग के ऑफिस की ओर कूच करने लगे. पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया. इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प हुई. पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को वाहनों में बैठाकर विद्याधर नगर थाने ले जाया गया.
शहीद स्मारक से चुनाव आयोग ऑफिस की ओर कूच
कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता पहुंचे. शहीद स्मारक पर सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग के कार्यालय की तरफ आगे बढ़े. पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प की स्थिति बन गई. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाया.

गहलोत बोले- देश में बहुत खतरनाक खेल चल रहा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र और चुनाव व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि देश में बहुत खतरनाक खेल चल रहा है और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है. गहलोत ने परिसीमन को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि असम में मनमाने परिसीमन की वजह से कांग्रेस को नुकसान हुआ और विधानसभा व लोकसभा के परिसीमन में भी गड़बड़ी का प्रयास किया जा रहा है.
गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाकर देश के हालात समझने और लोकतंत्र बचाने में योगदान देने की अपील की. उन्होंने इसे लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया.
आज जयपुर में शहीद स्मारक से राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग तक वोट चोरी और निकाय चुनाव में भाजपा की बेईमानी के खिलाफ प्रदर्शन और पैदल मार्च में शामिल हुए और गिरफ्तारी दी। पुलिस हिरासत में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने के अंदर लोकतंत्र बचाने की आवाज़ बुलंद रखी।
श्री @RahulGandhi… pic.twitter.com/UzPD0Bo0fQ— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) September 28, 2026
डोटासरा ने SIR को लेकर लगाए आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि SIR में गड़बड़ी की गई और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का काम हुआ है. डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आगे भी विरोध जारी रखेगी.
डोटासरा ने अपने बयान में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बेहद कड़ी भाषा का इस्तेमाल किया और उन पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आज का प्रदर्शन सिर्फ शुरुआत है. कांग्रेस कार्यकर्ता आगे लोगों के बीच जाकर इस मुद्दे को उठाएंगे और चुनाव प्रक्रिया को लेकर पार्टी की आपत्तियों के बारे में बताएंगे.
'वोट चोर' ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा
जनता के अधिकारों को रौंदने नहीं देंगे, तानाशाही नहीं चलेगी ✊
📍 जयपुर में राजस्थान कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन pic.twitter.com/CQHfGHcB3Y— Rajasthan PCC (@INCRajasthan) September 28, 2026
नेताओं और कार्यकर्ताओं को थाने ले गई पुलिस
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने गहलोत, डोटासरा और टीकाराम जूली समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर विद्याधर नगर थाने पहुंचाया. कांग्रेस का कहना है कि ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.