)
Panchayat Election 2026: राजस्थान में पंचायती राज चुनावों को लेकर 3 अक्टूबर को तस्वीर साफ हो जाएगी. राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है. इस दौरान पंचायत चुनाव का पूरा कार्यक्रम घोषित किया जाएगा. चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो जाएगी. इसके करीब दो महीने तक लागू रहने की संभावना है. आचार संहिता लागू होने के साथ ही सरकारी स्तर पर तबादलों सहित कई गतिविधियों पर रोक लग जाएगी.
बैलेट पेपर से होंगे सरपंच और पंच के चुनाव
राजस्थान में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए जाएंगे. वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव EVM से होंगे. पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू है. ऐसे में बड़ी संख्या में महिलाओं के सरपंच, प्रधान और जिला प्रमुख बनने का रास्ता साफ होगा. इन चुनावों में करीब 1.69 लाख नए जनप्रतिनिधि चुने जाएंगे.
41 जिला प्रमुख और 457 प्रधान चुने जाएंगे
चुनाव में 1,403 जिला परिषद सदस्य और 8,245 पंचायत समिति सदस्य चुने जाएंगे. इसके बाद जिला परिषद सदस्य मिलकर 41 जिला प्रमुखों का चुनाव करेंगे. वहीं पंचायत समिति सदस्य 457 प्रधानों का चुनाव करेंगे. पंचायत चुनाव का पूरा नोटिफिकेशन राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किया जाएगा. सरकार की ओर से हाईकोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक चुनाव चार चरणों में कराए जाने की संभावना है.
20 जिलों में महिला बनेंगी जिला प्रमुख
राजस्थान में महिलाओं के लिए जिला प्रमुख के पदों पर भी 50 प्रतिशत आरक्षण लागू है. कुल 41 जिलों में से 20 जिलों में महिला जिला प्रमुख बनने की संभावना है. महिला आरक्षित जिलों की लॉटरी पहले ही निकाली जा चुकी है. इसके मुताबिक बीकानेर संभाग के सभी जिलों में जिला प्रमुख का पद महिलाओं के लिए आरक्षित है. प्रदेश की 457 पंचायत समितियों में 221 प्रधान पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं. जयपुर और जोधपुर में 11-11 महिला प्रधान चुनी जाएंगी.
14,403 ग्राम पंचायतों में होंगे चुनाव
प्रदेश में कुल 14,403 ग्राम पंचायतें हैं. इनमें सरपंच और उपसरपंच का चुनाव होना है. 50 प्रतिशत आरक्षण के अनुसार करीब 7,200 ग्राम पंचायतों में महिला सरपंच चुनी जाएंगी. इन ग्राम पंचायतों में कुल 1,30,584 वार्ड हैं, जहां वार्ड पंच चुने जाएंगे. आरक्षण के तहत 65 हजार से अधिक वार्ड पंच पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे. सरपंच पदों में 3,058 एसटी, 2,493 एससी और 1,961 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हैं. बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूंबर में सरपंच के सभी 1,253 पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं.