SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पंचायत चुनाव 2026: पर्चा भरने से पहले सीख लें ये नियम, 10 अक्टूबर को लगेगी खास क्लास

Rajasthan News: पंचायत चुनाव से पहले 10 अक्टूबर को पंचायत समिति स्तर पर प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम होंगे. उम्मीदवारों को नामांकन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और पर्चा निरस्त होने के कारण बताए जाएंगे. मतदान बढ़ाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान भी चलेगा.

Reported By Deepak Goyal Edited By SAGAR CHAUDHARY
Published: Oct 08, 2026, 10:46 PM IST | Updated: Oct 08, 2026, 10:50 PM IST
Image Credit: Rajasthan Panchayat Chunav (AI IMAGE)
Join

Rajasthan Panchayat Chunav: पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे लोगों को अब नामांकन दाखिल करने से पहले चुनावी नियमों की जानकारी दी जाएगी. राज्य निर्वाचन आयोग 10 अक्टूबर को पंचायत समिति स्तर पर प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित करेगा. इसमें उम्मीदवारों को नामांकन पत्र भरने का तरीका, जरूरी दस्तावेज और उन गलतियों के बारे में बताया जाएगा, जिनकी वजह से पर्चा निरस्त हो सकता है. आयोग का मकसद नामांकन के दौरान होने वाली गलतियों को कम करना और चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को पूरी जानकारी देना है.

10 अक्टूबर को होगा प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने आयोग के सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को इसके निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में करीब 1.55 लाख जनप्रतिनिधि चुने जाने हैं. ऐसे में मतदाताओं के साथ चुनाव लड़ने वाले लोगों को भी निर्वाचन प्रक्रिया की सही जानकारी होना जरूरी है.

नामांकन से जुड़ी हर जरूरी जानकारी दी जाएगी
प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम में चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को नामांकन की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी. इसमें पात्रता और योग्यता की शर्तें, नामांकन के लिए जरूरी दस्तावेज, फॉर्म भरते समय बरती जाने वाली सावधानियां और किन परिस्थितियों में नामांकन निरस्त हो सकता है, इसकी जानकारी दी जाएगी. आयोग चाहता है कि उम्मीदवार नियमों को समझने के बाद ही अपना नामांकन दाखिल करें.

गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी मतदान की जानकारी
पंचायत चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आयोग ने इस बार जागरूकता गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत 'एक शाम लोकतंत्र के नाम', 'एक पेड़ लोकतंत्र के नाम', 'एक दीप लोकतंत्र के नाम' और 'एक खेल लोकतंत्र के नाम' जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

चुनाव चौपाल से लेकर नुक्कड़ नाटक तक
गांवों में चुनाव चौपाल, नुक्कड़ नाटक, युवा मतदाता संवाद और महिला मतदाता संवाद भी आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा मेहंदी प्रतियोगिता, मोटरसाइकिल और साइकिल रैली, सतरंगी सप्ताह, मैराथन और मतदाता प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियां भी होंगी. पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं को जागरूक करने पर विशेष जोर रहेगा.

हर पंचायत समिति में बनेगा हरित मतदान केंद्र
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में कम से कम एक हरित एवं स्वच्छ मतदान केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए. आदर्श मतदान केंद्रों पर मतदाता संदेश बोर्ड भी लगाए जाएंगे.

स्वीप गतिविधियों की भी हुई समीक्षा
आयोग ने नगरीय निकाय चुनावों के दौरान हुई स्वीप गतिविधियों की समीक्षा की और कॉलेजों के कैंपस एम्बेसडर विद्यार्थियों से उनके अनुभव जाने. बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश वर्मा सहित जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, ईएलसी नोडल अधिकारी और कैंपस एम्बेसडर जुड़े.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES