कौन हैं ओम प्रकाश बिश्नोई? जिनके सोशल मीडिया पर 21 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स पर पंचायत चुनाव में मिले सिर्फ 33 वोट
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 में फलोदी जिले की इंदों की ढाणी ग्राम पंचायत से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओम प्रकाश बिश्नोई को सरपंच चुनाव में महज 33 वोट मिले. सोशल मीडिया पर उनके 21 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं. उन्होंने 33 वोटों को 33 करोड़ देवी-देवताओं का आशीर्वाद बताया.
राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 के पहले चरण के नतीजे सामने आने के बाद एक दिलचस्प मामला चर्चा में है. सोशल मीडिया पर 21 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले एक इन्फ्लुएंसर को सरपंच चुनाव में महज 33 वोट मिले हैं.
यह मामला फलोदी जिले की लोहावट तहसील की इंदों की ढाणी ग्राम पंचायत का है. यहां इंटरनेट मीडिया पर लाखों लोगों के बीच लोकप्रिय ओम प्रकाश बिश्नोई चुनावी मैदान में उतरे, लेकिन मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता वोटों में तब्दील नहीं हो सकी.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में दूसरे चरण मतदान की तैयारी पूरी, 413 बूथों पर EVM और बैलेट पेपर से होगा चुनाव
पंचायत चुनाव के पहले चरण के नतीजे
राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 के पहले चरण के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. प्रदेश के 16 जिलों की 3,314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और उपसरपंच के साथ 28,682 वार्ड पंच भी निर्वाचित हुए हैं. इस दौरान प्रदेशभर से कई दिलचस्प चुनावी खबरें सामने आई हैं.
सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स
सबसे ज्यादा चर्चा फलोदी जिले की लोहावट तहसील की इंदों की ढाणी ग्राम पंचायत से सामने आए नतीजे की हो रही है. यहां सरपंच पद के चुनाव में इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर ओम प्रकाश बिश्नोई को कुल 1,600 वोटों में से महज 33 वोट मिले.
इंस्टाग्राम से लेकर यूट्यूब तक बड़ी फैन फॉलोइंग
ओम प्रकाश बिश्नोई की सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग है. उनके इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर 21 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए गए हैं. वहीं, उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 14 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं. फेसबुक पर 2.32 लाख और यूट्यूब चैनल पर करीब 5 लाख सब्सक्राइबर हैं.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में पंचायत चुनाव की वोटिंग ने चौंकाया: युवाओं से 19.42% आगे बुजुर्ग, महिलाओं ने भी मारी बाजी
नशामुक्ति को बनाया था चुनावी मुद्दा
सरपंच पद के चुनाव में ओम प्रकाश बिश्नोई ने नशामुक्ति को अपना प्रमुख मुद्दा बनाया था. हालांकि, सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता का चुनावी नतीजों में खास असर दिखाई नहीं दिया और उन्हें महज 33 वोटों से संतोष करना पड़ा. उन्होंने कहा कि मैं भगवान नवग्रह देवताओं का पुजारी हूं. मुझे 33 वोट का मतलब 33 करोड़ देवी देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है.
यह चुनावी नतीजा एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होना और स्थानीय स्तर पर मतदाताओं का समर्थन हासिल करना दो अलग-अलग बातें हैं. पंचायत चुनाव में मतदाता स्थानीय मुद्दों और उम्मीदवारों को लेकर अपने फैसले लेते हैं.
Report- Rakesh Kumar Bhardwaj