SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Explainer: राजस्थान में पंचायत चुनाव का बजा बिगुल, 4 चरणों में 4 करोड़ वोटर चुनेंगे गांव की सरकार, EVM से सदस्य और बैलेट से चुने जाएंगे सरपंच

राजस्थान में पंचायत चुनाव का शेड्यूल जारी हो गया है. लगभग 4.03 करोड़ मतदाता 1.54 लाख से अधिक जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे. चार चरणों में मतदान 23 अक्टूबर से 14 नवंबर तक और मतगणना 20 नवंबर को होगी. जिला प्रमुख और प्रधान समेत प्रमुख पदों के चुनाव 25 से 28 नवंबर तक होंगे.

Reported By Deepak Goyal Edited By Sneha Aggarwal
Published: Oct 03, 2026, 19:29 IST | Updated: Oct 03, 2026, 22:37 IST
Image Credit: AI Created
Join

Rajasthan Panchayat Chunav: शहर की सरकार चुनने के बाद अब राजस्थान में गांव की चौपाल पर चुनावी रंग चढ़ने वाला है. राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है. चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है. 

प्रदेश के 4 करोड़ 3 लाख 7 हजार 308 मतदाता करीब 1 लाख 54 हजार 640 जनप्रतिनिधियों के भाग्य का फैसला करेंगे. इसी बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला परिषद सदस्यों के नामांकन कार्यक्रम में अहम संशोधन करते हुए चार चरणों के अनुसार जिलों की नई सूची जारी की है. हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान की पहले से तय तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

मतदान का अनूठा फॉर्मूला: सदस्य EVM से, सरपंच बैलेट पेपर से
इस बार के चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू मतदान की व्यवस्था है. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए EVM का बटन दबाया जाएगा, जबकि गांव की जमीनी इकाई यानी सरपंच और वार्ड पंच का चुनाव बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए होगा. परिसीमन और पुनर्गठन के बाद प्रदेश में 41 जिला परिषदों में 1,403 वार्ड और 457 पंचायत समितियों में 8,245 वार्ड अस्तित्व में आए हैं, जहां EVM से वोटिंग होगी. वहीं 14,403 ग्राम पंचायतों और 1,30,589 वार्डों में सरपंच व वार्ड पंच चुनने के लिए मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाएगा.

वार्ड पंच और सरपंच के लिए कब है चुनाव
वार्ड पंच और सरपंच पद के चुनाव चार प्रमुख चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं. पहले तीन चरणों के लिए नामांकन प्रक्रिया, पत्रों की स्क्रूटनी और नाम वापसी का कार्य क्रमशः 24 अक्टूबर (पहला चरण), 30 अक्टूबर (दूसरा चरण) और 5 नवंबर (तीसरा चरण) को होगा, जबकि इन तीनों चरणों का मतदान क्रमशः 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 6 नवंबर को संपन्न कराया जाएगा. चौथे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया, स्क्रूटनी और नाम वापसी की सभी औपचारिकताएं 15 नवंबर को (सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच) पूरी की जाएंगी, जबकि इसका मतदान 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा. सभी चारों चरणों में मतगणना मतदान वाले दिन ही की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे. इसके अलावा, उपसरपंच का चुनाव सरपंच चुनाव के ठीक अगले दिन संपन्न होगा.

जिला परिषद सदस्यों के नामांकन का नया शेड्यूल (जिलेवार)
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिला परिषद सदस्यों के नामांकन कार्यक्रम में किए गए संशोधन के अनुसार अब यह प्रक्रिया चार चरणों में संपन्न होगी. जयपुर जिला परिषद के नामांकन पहले चरण से ही शुरू होंगे.

पहला चरण (17 जिला परिषदें):
अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, जैसलमेर, झालावाड़, जोधपुर, फलौदी, कोटा, नागौर, पाली, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर. कार्यक्रम: पहले चरण के लिए 8 से 13 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे. 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी होगी.
 

दूसरा चरण (7 जिला परिषदें):
बांसवाड़ा, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़, जालोर, झुंझुनूं, करौली और टोंक. कार्यक्रम: 13 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होगी. 16 अक्टूबर तक नामांकन लिए जाएंगे. 17 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 19 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे.


तीसरा चरण (16 जिला परिषदें):
ब्यावर, खैरथल-तिजारा, बारां, बालोतरा, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, धौलपुर, हनुमानगढ़, डीडवाना-कुचामन, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, श्रीगंगानगर, सीकर और सलूंबर. कार्यक्रम: 19 अक्टूबर को लोक सूचना जारी की जाएगी. 23 अक्टूबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे. 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 26 अक्टूबर तक नाम वापसी की जा सकेगी.


चौथा चरण (केवल सलूंबर जिला परिषद के लिए)
कार्यक्रम: 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होगी. 4 नवंबर तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी. 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 6 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे.

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य: मतदान और मतगणना की तारीखें यथावत
आयोग के स्पष्टीकरण के अनुसार, मतदान की तारीखों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है. चार चरणों में मतदान पूरा होने के बाद सभी सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को एक साथ कराई जाएगी.

वार्ड पंच और सरपंच: एक ही दिन मतदान और परिणाम
सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव भी चार चरणों में संपन्न होंगे, लेकिन इनकी तिथियां अलग तय हैं. इनमें मतदान संपन्न होते ही उसी दिन मतगणना होगी और देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे. उपसरपंच का चुनाव सरपंच चुनाव के ठीक अगले दिन कराया जाएगा. 

जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव का पूरा शेड्यूल


सदस्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद शीर्ष पदों पर निर्वाचन की प्रक्रिया 25 से 28 नवंबर के बीच पूरी होगी:
जिला प्रमुख: 25 नवंबर को मतदान.
उप जिला प्रमुख: 26 नवंबर को मतदान.
प्रधान: 27 नवंबर को मतदान.
उपप्रधान: 28 नवंबर को मतदान.
(इन सभी पदों के लिए नामांकन सुबह 10 से 11 बजे, स्क्रूटनी सुबह 11.30 बजे और नाम वापसी दोपहर 1 बजे तक होगी. आवश्यकता पड़ने पर मतदान दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा और तुरंत बाद मतगणना होगी.)


'एक राज्य-एक चुनाव' की दिशा में कदम और चुनावी नियम
राज्य निर्वाचन आयोग ने पांच साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी संस्थाओं के चुनाव एक साथ कराने का निर्णय लिया है. हालांकि कोटा, श्रीगंगानगर, बारां और करौली के जिला प्रमुख व प्रधानों का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होने के कारण उनके शीर्ष पदों की तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी, लेकिन इन चारों जिलों में सदस्यों के चुनाव शेष जिलों के साथ ही संपन्न होंगे.


50% महिला आरक्षण 
पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण का प्रावधान रहेगा.


चुनावी खर्च की सीमा
जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी के लिए अधिकतम 3 लाख रुपए, पंचायत समिति सदस्य के लिए 1.50 लाख रुपए और सरपंच प्रत्याशी के लिए 1 लाख रुपए खर्च सीमा तय की गई है.


आचार संहिता के नियम
ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर पूर्ण पाबंदी रहेगी. मंत्री अपने चुनावी क्षेत्रों में सरकारी वाहन का उपयोग नहीं कर सकेंगे. नई योजनाओं या घोषणाओं पर रोक रहेगी, हालांकि पहले से स्वीकृत एवं प्रगतिरत विकास कार्य और पूर्व से प्रक्रियाधीन टेंडर जारी रहेंगे.

त्योहारों की रौनक के बीच गांवों में सजेगा 'लोकतंत्र का पर्व'
इस बार अक्टूबर और नवंबर के महीने में ग्रामीण इलाकों में एक अनूठा नजारा देखने को मिलेगा.23 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चलने वाले इस चुनावी दौर के कैलेंडर में त्योहारों का खास तड़का लगा है. 29 अक्टूबर को जहां एक तरफ करवा चौथ का व्रत रखा जाएगा,वहीं दूसरी तरफ जिला परिषद और पंचायत समिति के दूसरे चरण के लिए वोट भी डाले जाएंगे. इसके बाद 6 नवंबर को धनतेरस के मौके पर बाजार की रौनक के बीच पंच-सरपंच चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर भी लंबी कतारें नजर आएंगी. 8 नवंबर को दीवाली का मुख्य पर्व है और उससे ठीक दो दिन पहले होने वाली इस वोटिंग के चलते दीवाली के जश्न में चुनावी रंग भी पूरी तरह घुला रहेगा. दीवाली के बाद ये चुनावी हलचल फिर लौटेगी. 14 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति और 16 नवंबर को पंच-सरपंच के अंतिम चरण का मतदान होगा.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES