SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राजस्थान निकाय चुनाव: जयपुर में किस उम्र के वोटर्स ने किया सबसे ज्यादा मतदान? EVM के आंकड़ों ने खोला पूरा राज

Rajasthan News: जयपुर नगर निगम चुनाव में 63.55% मतदान हुआ. 36-59 साल के मतदाता सबसे आगे रहे, जबकि पुरुषों ने महिलाओं से 4.69 प्रतिशत अंक ज्यादा वोट डाले. वार्ड-150 में 83.70% और वार्ड-100 में 46.43% मतदान रहा. 15.46 लाख वोट EVM में बंद हैं. बूथों पर मतदान का बड़ा अंतर दिखा.

Reported By Deepak Goyal Edited By SAGAR CHAUDHARY
Published: Sep 12, 2026, 03:27 PM IST | Updated: Sep 12, 2026, 03:37 PM IST
Image Credit: Jaipur Nagar Nigam Nikay Chunav
Join

Jaipur Nagar Nigam: जयपुर की शहर सरकार चुनने निकले वोटर्स ने इस बार कई दिलचस्प आंकड़े छोड़े हैं. 24 लाख 33 हजार वोटर थे, लेकिन बूथ तक पहुंचे 15 लाख 46 हजार. यानी करीब 8 लाख 87 हजार वोटर घर से नहीं निकले. उम्र का गणित देखें तो युवा बड़ी चुनावी ताकत जरूर थे, लेकिन वोट डालने में 36 से 59 साल वालों ने बाजी मारी. पुरुषों ने महिलाओं से करीब 4.69 प्रतिशत ज्यादा मतदान किया. और वार्डों के बीच फर्क भी चौंकाने वाला रहा. वार्ड-150 में 83.70 फीसदी वोटिंग हुई तो वार्ड-100 महज 46.43 फीसदी पर सिमट गया. देखिए वोटिंग के बाद निकले आंकड़ों में जयपुर के मतदाता का पूरा ‘वोटिंग एक्स-रे’ क्या कहता है.

जयपुर नगर निगम चुनाव में 24 लाख 33 हजार 198 मतदाताओं में से 15 लाख 46 हजार 317 ने वोट डालकर 63.55% मतदान किया. मतदान के बाद जिला निर्वाचन के चुनावी आंकड़ों का विश्लेषण बताता है कि संख्या के लिहाज से युवा मतदाता बड़ी ताकत थे, लेकिन मतदान प्रतिशत में 36 से 59 साल के मतदाता सबसे आगे रहे. इस आयु वर्ग के करीब 10.91 लाख वोटर्स में 7.21 लाख ने वोट डाला, यानी 66.11% मतदान हुआ. दूसरी ओर पुरुषों और महिलाओं के मतदान में 4.69 प्रतिशत अंक का अंतर रहा. पुरुष मतदान 65.81%, जबकि महिला मतदान 61.12% रहा. नगर निगम के 150 वार्डों के वार्डवार आंकड़ों में भी बड़ा अंतर सामने आया है. वार्ड-150 ने 83.70% मतदान के साथ बाजी मारी, जबकि वार्ड-100 में सिर्फ 46.43% मतदान हुआ. यानी सबसे ज्यादा और सबसे कम मतदान वाले वार्ड के बीच 37.27 प्रतिशत अंक का अंतर रहा.

जेंडर का गणित
पुरुषों का मतदान 65.81%, महिलाओं का 61.12% और थर्ड जेंडर का 48.91% रहा.
यानी पुरुषों की वोटिंग महिलाओं से 4.69 प्रतिशत अंक अधिक रही.
संख्या में भी पुरुषों ने महिलाओं से 1,14,104 ज्यादा वोट डाले.

जयपुर नगर निगम क्षेत्र में सबसे बड़ा मतदाता वर्ग भी 36 से 59 साल का था. इस वर्ग में 10.90 लाख से ज्यादा मतदाता थे और 7.20 लाख से ज्यादा ने वोट डाला. सबसे कम मतदान प्रतिशत 18-25 वर्ष के मतदाताओं में 60.30% रहा. यानी युवा संख्या में बड़ी चुनावी ताकत होने के बावजूद बूथ तक पहुंचने की दर मध्यम आयु वर्ग से करीब 5.81 प्रतिशत अंक कम रही.

महिला-पुरुष का उम्रवार अंतर भी हर आयु वर्ग में पुरुषों के पक्ष में रहा
18-25 में पुरुषों का मतदान करीब 61.97% और महिलाओं का 58.16% रहा.
26-35 में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 65.86% और महिलाओं का 59.21% रहा.
36-59 में पुरुषों का मतदान प्रतिशत 67.47% और महिलाओं का 64.69% मतदान रहा.
60 में पुरुषों का 64.91% मतदान प्रतिशत और महिलाओं का मतदान 56.56% रहा.

मतदान प्रतिशत में टॉप 5 वार्ड: आमेर बेल्ट का दबदबा
वार्डवार डेटा में वार्ड-150 में सर्वाधिक 83.70% मतदान हुआ. इसके बाद वार्ड-148 में 81.95%, वार्ड-149 में 79.98%, वार्ड-126 में 79.60% और वार्ड-117 में 79.51% मतदान दर्ज किया गया. वार्ड-1 भी 79.48% के साथ टॉप के बेहद करीब रहा.

सबसे कम मतदान वाले वार्ड
वार्ड-100 46.43%, वार्ड-66 47.28%, वार्ड-42 47.80%, वार्ड-90 48.40% और वार्ड-41 48.94% रहे.

2256 बूथों में 1962 पर 50 से 85% मतदान.
जयपुर नगर निगम में बूथवार आंकड़ा बताता है कि जयपुर के 2256 मतदान केंद्रों में 1962 बूथों पर मतदान 50 से 85% के बीच रहा. 44 बूथों पर 85% से अधिक, 248 बूथों पर 21 से 49% और केवल 2 बूथों पर मतदान 20% तक रहा. किसी भी बूथ पर मतदान का बहिष्कार दर्ज नहीं हुआ. यानी करीब 87% बूथ 50 से 85% मतदान वाली श्रेणी में रहे.

वोट डालने के लिए 55% ने दिखाया EPIC, 45% ने दूसरे दस्तावेज
मतदान करने वाले 8,50,256 मतदाताओं ने EPIC यानी वोटर आईडी का इस्तेमाल किया.
जबकि 6,96,061 मतदाताओं ने अन्य मान्य पहचान दस्तावेजों से अपनी पहचान साबित की.

596 दिव्यांग मतदाताओं का अलग रिकॉर्ड
जिला निर्वाचन रिकॉर्ड के अनुसार 125 दृष्टिबाधित मतदाताओं ने वोट किया.
इनमें 75 ने सहयोगी की मदद से और 50 ने बिना सहयोगी मतदान किया.
वहीं 471 लोकोमोटर डिसेबिलिटी वाले मतदाताओं में 148 ने सहयोगी की मदद से और 323 ने बिना सहयोगी मतदान किया.
दोनों श्रेणियों को मिलाकर रिकॉर्ड में 596 मतदाताओं का मतदान दर्ज है.

बहरहाल,लोकतंत्र में सिर्फ वोटरों की संख्या नहीं, बूथ तक पहुंचे कदम असली ताकत तय करते हैं. कहीं वार्ड-150 ने 83 फीसदी से ज्यादा मतदान कर रिकॉर्ड बनाया, तो कहीं वार्ड-100 में आधे वोटर भी बूथ तक नहीं पहुंचे. युवा बड़ी चुनावी ताकत बने, लेकिन मतदान की कमान 36 से 59 साल वालों ने संभाली. महिलाओं के मुकाबले पुरुषों की भागीदारी भी आगे रही. अब 15 लाख 46 हजार वोट EVM में बंद हैं और अगला आंकड़ा प्रतिशत का नहीं, जीत-हार का होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES