23 के आंकड़े पर नजर, 19 पार्षदों की शपथ: कुचामन में सभापति चुनाव से पहले BJP का बड़ा दांव
Rajasthan News: कुचामन नगर परिषद सभापति चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. भाजपा और समर्थित 19 पार्षदों को बस से आरओ कार्यालय लाकर शपथ दिलाई गई. 21 सितंबर को होने वाले चुनाव में बहुमत के लिए 23 पार्षदों का समर्थन जरूरी है.
Deedwana News: डीडवाना जिले के कुचामन सिटी नगर परिषद सभापति चुनाव से पहले कुचामन में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में भाजपा और भाजपा समर्थित 19 नवनिर्वाचित पार्षदों को बस के जरिए रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय लाया गया, जहां आरओ सुरेंद्र सिंह चौधरी ने उन्हें पार्षद पद की शपथ दिलाई.
45 वार्डों में ऐसा है समीकरण
गौरतलब है कि कुचामन नगर परिषद के 45 वार्डों में कांग्रेस के 17, भाजपा के 15 और 13 निर्दलीय पार्षद चुने गए हैं. सभापति पद के लिए 23 पार्षदों का समर्थन जरूरी है. सभापति का चुनाव 21 सितंबर को होना है. ऐसे में अब सभापति चुनाव से पहले पार्षदों की बाड़ेबंदी और समर्थन जुटाने की कवायद पर सबकी निगाहें टिकी हैं. 45 सदस्यीय परिषद में बहुमत का आंकड़ा 23 है, जबकि मौजूदा परिणाम में किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है.
बस से आरओ कार्यालय पहुंचे पार्षद
भाजपा और भाजपा समर्थित पार्षदों को बस के जरिए कुचामन आरओ कार्यालय लाया गया. इस दौरान सुरक्षा के लिए तीनों थानों के थानाधिकारियों सहित भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा. आरओ कार्यालय में मौजूद सभी पार्षदों को रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने नियमानुसार शपथ दिलाई. इस दौरान तहसीलदार रामेश्वर सहारण और कोषाधिकारी महिपाल सिंह भी मौजूद रहे.
शपथ के बाद बाड़ेबंदी में ले गए
शपथ ग्रहण के बाद सभी पार्षदों को वापस बस में बैठाकर बाड़ेबंदी में ले जाया गया. सभापति चुनाव से पहले पार्षदों की बाड़ेबंदी को लेकर कुचामन की सियासत में हलचल तेज है.
भाजपा चुनाव प्रभारी ने क्या कहा
मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा चुनाव प्रभारी सूरज सोनी ने कहा कि यह संयोग है कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है और इसी दिन भाजपा के पार्षद शहर के विकास और स्वच्छता का संकल्प ले रहे हैं.
21 सितंबर को जीत का दावा
सोनी ने कहा कि चुनाव में भाजपा की कुछ सीटें कम आई हैं, लेकिन भाजपा समर्थित निर्दलीय पार्षद खुद चलकर पार्टी को सहयोग देने के लिए आए हैं. उन्होंने दावा किया कि 21 सितंबर को सभापति पद के चुनाव में भाजपा भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी.
टिकट वितरण पर चूक का सवाल
भाजपा को कम सीटें मिलने के पीछे टिकट वितरण में चूक के सवाल पर सूरज सोनी ने कहा कि कहीं न कहीं चूक हुई है, लेकिन निर्दलीय पार्षदों ने उस चूक को पूरा कर दिया है और भाजपा को जीत मिलने का भरोसा है.