)
PM Modi Birthday Celebration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को राजस्थान में बीजेपी की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. जयपुर से लेकर जोधपुर तक कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर, स्वच्छता अभियान चलाकर और अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए पीएम मोदी का जन्मदिन मनाया. जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा की ओर से ‘एक दीप आशीर्वाद का’ कार्यक्रम हुआ, जिसमें करीब 50 हजार दीये जलाए गए.
गोविंददेवजी मंदिर में दीया कुमारी ने जलाया दीप
डिप्टी सीएम दीया कुमारी गुरुवार को जयपुर के प्रसिद्ध गोविंददेवजी मंदिर पहुंचीं. उन्होंने भगवान गोविंददेवजी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना के बाद दीप प्रज्वलित किया. इसके बाद आरती में भी शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. कार्यक्रम में हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य समेत बीजेपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.
प्रदेश ऑफिस और अमर जवान ज्योति पर भी दीप जलाए
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय के साथ अमर जवान ज्योति पर भी दीप प्रज्वलित किया. वहीं, जोधपुर में बीजेपी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने दीपक जलाए और आतिशबाजी कर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया. अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रमों में हिस्सा लिया.
पार्षदों ने चलाया स्वच्छता अभियान
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर जयपुर में बीजेपी पार्षदों ने स्वच्छता अभियान चलाया. वहीं बाड़ेबंदी में रखे गए पार्षदों ने भी रिसोर्ट के बैक एरिया में साफ-सफाई की. इसके बाद उन्होंने स्वच्छता की शपथ ली. इस तरह जन्मदिन के कार्यक्रमों को स्वच्छता अभियान से भी जोड़ा गया.
CJP ने भी जलाए ‘आशीर्वाद के दीये’
जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की ओर से भी ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए. पार्टी के नेशनल कन्वीनर आशुतोष रांका ने बताया कि राजस्थान सरकार ने स्कूल-कॉलेजों में आशीर्वाद का दीया जलाने की अपील की है. इसी के तहत CJP ने भी दीप जलाए.
6 फीट का केक काटकर मनाया जन्मदिन
जयसिंहपुरा खोर की घुमंतू बस्ती में प्रधानमंत्री का जन्मदिन 6 फीट का केक काटकर मनाया गया. हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने केक काटकर बच्चों को खिलाया. इसके साथ ही स्वच्छता महारैली निकाली गई और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया. बाद में घर-घर जाकर स्वच्छता की स्थिति देखी गई और साफ-सुथरे घरों की महिलाओं को स्वच्छता पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
राज्यवर्धन राठौड़ ने की पूजा-अर्चना
कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने शाम करीब 6 बजे झाड़खंड महादेव मंदिर में दीप जलाकर पूजा-अर्चना की. वहीं बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में जयपुर में हजरत मौलाना जियाउद्दीन साहब की दरगाह शरीफ के बाहर भी दीप जलाने का कार्यक्रम रखा गया.
एक महीने तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर सत्ता और संगठन की ओर से एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. इस दौरान सेवा से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम किए जाएंगे. इसके लिए सरकार ने विभागों को जिम्मेदारियां भी दी हैं. साथ ही कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो और रील्स सोशल मीडिया पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है.