SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पहले कुत्ता घुमाने पर कहासुनी: घर में घुसे, युवक को पीटा और सड़क पर फेंका, ICU में जिंदगी की जंग हारा युवक

Rajasthan News: जोधपुर में कुत्ता घुमाने की बात को लेकर विवाद खूनी झड़प में बदल गया. आरोप है कि कुछ लोग किराए के मकान में घुसे और युवकों से मारपीट की. 23 वर्षीय जसवंत सिंह को घसीटकर सड़क पर फेंक दिया गया. सिर में गंभीर चोट के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. तीन आरोपी गिरफ्तार हुए.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Sep 29, 2026, 07:57 PM IST | Updated: Sep 29, 2026, 08:00 PM IST
Image Credit: Jodhpur Udaimandir Murder Case
Join

Jodhpur News: जोधपुर के उदयमंदिर थाना इलाके में कुत्ता घुमाने की बात को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया. आरोप है कि कुछ लोग एक किराए के मकान में घुस गए और वहां रहने वाले युवकों के साथ मारपीट की. इस दौरान 23 वर्षीय जसवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोपियों ने उसे घसीटकर घर से बाहर सड़क पर फेंक दिया. उसके सिर में गंभीर चोट आई. उसे एमजीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

रात में कुत्ता घुमाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:50 बजे राईकाबाग इलाके में कुत्ता घुमाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी. इसके बाद मोहित, उसका मामा दामिनी कांत राजवंशी, लक्की और एक अन्य व्यक्ति जसवंत सिंह के किराए के मकान पर पहुंचे.

जबरन दरवाजा खुलवाकर मकान में घुसे
आरोप है कि आरोपियों ने जबरन दरवाजा खुलवाया और मकान के अंदर घुसकर युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य लोग मौके से भाग निकले. आरोपियों ने जसवंत सिंह के साथ मारपीट की और उसे घसीटकर बाहर सड़क पर फेंक दिया. इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी.

ICU में वेंटिलेटर पर था जसवंत
घटना के बाद जसवंत सिंह को इलाज के लिए एमजीएच अस्पताल ले जाया गया. पुलिस की सूचना पर शनिवार दोपहर परिजन भी अस्पताल पहुंचे. उस समय जसवंत आईसीयू में वेंटिलेटर पर बेहोश था. उसके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान जसवंत ने दम तोड़ दिया.

दोनों भाई नेशनल हैंडलूम में करते थे काम
एसीपी हरजीराम के मुताबिक फलौदी के आमला निवासी प्रेम सिंह ने उदयमंदिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. प्रेम सिंह और उसका 23 वर्षीय छोटा भाई जसवंत सिंह राईकाबाग इलाके में लालसिंह हैंडीक्राफ्ट के पीछे किराए के मकान में रहते थे. दोनों नेशनल हैंडलूम में सेल्समैन का काम करते थे.

तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें राईकाबाग निवासी मोहित, उदयपुर निवासी दामिनी कांत राजवंशी और लक्की शामिल हैं.

दो आरोपी रिमांड पर, एक जेल भेजा
पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने दो आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि एक आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है. पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES