App

बेटी के जन्म से 21 साल तक सरकार देगी पैसा! जानें किसे मिलेगा लाभ और कब आएगी किस्त

राजस्थान सरकार की लाडो प्रोत्साहन योजना बेटियों के जन्म, शिक्षा और बेहतर भविष्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित है. इस योजना के तहत 1.50 लाख रुपये दिए जाते हैं. यह राशि बेटी के जन्म से लेकर ग्रेजुएशन और 21 वर्ष की उम्र पूरी होने तक 7 किश्तों में DBT के जरिए दी जाती है.

बेटी के जन्म से 21 साल तक सरकार देगी पैसा! जानें किसे मिलेगा लाभ और कब आएगी किस्त
Image Credit: Rajasthan government Scheme

Rajasthan Lado Protsahan Yojana: राजस्थान सरकार की लाडो प्रोत्साहन योजना बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं. इस योजना का उद्देश्य लड़कियों के के जन्म के प्रति लोगों की सोच बदलने, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास को बढ़ावा देना है.  

प्रदेश में पहले 'मुख्यमंत्री राजश्री योजना' के तहत बेटियों को 50 हजार रुपये की राशि मिलती थी. भजनलाल शर्मा सरकार ने दिसंबर 2024 में इस योजना का नाम बदलकर 'लाडो प्रोत्साहन योजना' किया था, जसके तहत बेटियों को दी जाने वाली राशि को भी डबल कर दिया गया. इसके अनुसार, बेटी के जन्म पर 1.50 लाख रुपये की सहायता दी जाती है.

इस योजना की राशि एक साथ नहीं दी जाती है बल्कि 7 किश्तों में DBT (Direct Benefit Transfer) के जरिए ऑनलाइन दी जाती है. शुरू की 6 किस्तें बच्ची के माता-पिता या अभिभावक के बैंक खाते में दी जाती है. फिर सातवीं किस्त बच्ची के खुद के खाते में ट्रांसफर की जाती है.

योजना में राजश्री योजना को भी समाहित किया जाना है, जिसके तहत राजश्री योजना की आगामी किश्तों का लाभ पात्रता के अनुसार लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत दिया जाएगा.

कौन-कौन होगा पात्र?
इस योजना का लाभ लेने के लिए बच्ची का का राजस्थान की मूल निवासी होना जरूरी है. संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार, बच्ची का जन्म राजकीय चिकित्सा संस्थान या जननी सुरक्षा योजना (JSY) के लिए अधिकृत निजी चिकित्सा संस्थान में होना चाहिए.  

DBT के जरिए सीधे खाते में पहुंचेगी राशि
लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत, राशि का भुगतान ऑनलाइन और DBT आधारित है. इससे लाभार्थी परिवार तक राशि सीधे बैंक खाते के जरिए से पहुंच सके. योजना की ऑनलाइन व्यवस्था राजस्थान सरकार के संबंधित पोर्टल पर संचालित है.

कैसे मिलेगा लाभ?
लाडो प्रोत्साहन योजना का लाभ लेने के लिए कहीं भी अप्लाई करने की जरूरत नहीं है. राजकीय चिकित्सा संस्थान या जननी सुरक्षा योजना से अधिस्वीकृत प्राइवेट हॉस्पिटल में जन्म लेने वाली बच्चियों का डेटा संबंधित विभागों के पोर्टल से अपलोड हो जाएगा. इसके बाद सरकार उसी डेटा से बेटी का रजिस्ट्रेशन कर लेती है.

कब और कितना मिलेगा पैसा?
लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर उसकी उच्च शिक्षा पूरी होने तक अलग-अलग चरणों में आर्थिक सहायता दी जाएगी. 
जन्म के समय: बेटी के जन्म पर 5,000 रुपये दिए जाएंगे.
1 साल की उम्र पर: एक साल की उम्र पूरी होने और सभी जरूरी टीकाकरण पूरे होने पर 5,000 रुपये मिलेंगे. 
कक्षा 1 में प्रवेश: राजकीय या राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त स्कूल में पहली कक्षा में प्रवेश लेने पर 10,000 रुपये दिए जाएंगे. 
कक्षा 6 में प्रवेश: कक्षा 6 में प्रवेश लेने पर 15,000 रुपये की राशि खाते में ट्रांसफर होगी. 
कक्षा 10 में प्रवेश: दसवीं कक्षा में प्रवेश के समय 20,000 रुपये मिलेंगे.
कक्षा 12 में प्रवेश: बारहवीं कक्षा में प्रवेश लेने पर 25,000 रुपये दिए जाएंगे.
ग्रेजुएशन और 21 साल की उम्र पूरी होने पर: सरकार से मान्यता प्राप्त कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने और 21 साल की आयु पूरी होने के बाद बेटी के बैंक खाते में बाकी 70,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More