)
दीपावली से पहले राजस्थान में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. अलवर में सरस डेयरी के मार्का लगे डिब्बों में कथित नकली घी बेचने का मामला सामने आया है, जहां करीब 100 किलो संदिग्ध घी जब्त किया गया.
वहीं, भीलवाड़ा में 5,850 किलो खाद्य सामग्री सीज की गई, जबकि जयपुर में चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च जब्त की गई. जैसलमेर में भी पिछले तीन महीनों में 30 से अधिक खाद्य नमूने लिए गए और करीब एक टन खाद्य सामग्री नष्ट की गई. ऐसे में सवाल है कि त्योहार पर आपकी थाली में पहुंचने वाली मिठाइयां और खाद्य सामग्री कितनी सुरक्षित हैं?
अलवर में नकली सरस घी का कारोबार उजागर, 100 किलो संदिग्ध घी जब्त
अलवर के केडलगंज में खाद्य विभाग ने नकली घी के कारोबार का खुलासा करते हुए करीब 100 किलो संदिग्ध घी जब्त किया है. घी जयपुर सरस डेयरी के मार्का लगे डिब्बों में बेचा जा रहा था. चौंकाने वाली बात यह है कि ग्राहकों को यह घी 300 रुपये प्रति किलो के भाव से बेचे जाने की जानकारी सामने आई है.
फूड इंस्पेक्टर केशव चंद्र गोयल के नेतृत्व में विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर दुकान पर कार्रवाई की. विभाग को यहां नकली घी बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थी. जांच में सामने आया कि घी जयपुर से 280 रुपये प्रति किलो के भाव से लाया जाता था और दुकान पर 300 रुपये प्रति किलो में बेचा जाता था.
दुकान के कर्मचारी के अनुसार, यह कारोबार करीब दो साल से चल रहा था. हालांकि, घी की आपूर्ति कौन कर रहा था और इस कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है. फिलहाल, घी की गुणवत्ता और उसके स्रोत की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त घी की वास्तविक स्थिति क्या है.
भीलवाड़ा में काजू, अजवाइन, सौंफ और लाल मिर्च पाउडर सीज
दीपावली पर लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भीलवाड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड पर है. कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर विभाग की ओर से मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में मिर्ची मंडी स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में निरीक्षण के दौरान 5,850 किलो खाद्य सामग्री सीज की गई. निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज से 2,000 किलो काजू, 1,050 किलो अजवाइन, 600 किलो सौंफ, 700 किलो किशमिश और 1,500 किलो लाल मिर्च पाउडर सीज किया गया. खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच रिपोर्ट आने तक इन खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल और बिक्री पर रोक लगा दी है.
मिठाई की दुकानों से लिए गए नमूने
विभाग की टीम ने कोटड़ी स्थित चारभुजा मिष्ठान भंडार से मावा और रसगुल्ले के नमूने लिए. वहीं, बजरंग मिष्ठान भंडार से बीकाजी केसरबाटी का नमूना लिया गया. इसके अलावा जोधपुर मिष्ठान भंडार से बर्फी और रसगुल्ले के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए. खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. दीपावली के त्योहार को देखते हुए विभाग ने साफ किया है कि आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
जयपुर में चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च सीज
त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में CMHO फर्स्ट डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में देर रात निरीक्षण अभियान चलाया गया. इस दौरान कुकड़खेड़ा मंडी स्थित मोना एंड कंपनी से चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च सीज की गई.
काली मिर्च, पिस्ता कतरन और चांदी के वर्क के नमूने लिए
कार्रवाई के दौरान मोना एंड कंपनी से काली मिर्च, पिस्ता कतरन और चांदी के वर्क के नमूने भी लिए गए. इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मेट्रो कैश एंड कैरी और रिलायंस मार्ट में भी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेट्रो कैश एंड कैरी का निरीक्षण किया. यहां से काजू टुकड़ी और खरबूजे के बीज के नमूने लिए गए. वहीं, रिलायंस मार्ट से गुलाब जामुन, मसूर पाक, बादाम और घी के सैंपल संग्रहित किए गए.
रघु एंटरप्राइजेज से भी लिया काजू का नमूना
विभाग की टीम ने कुकड़खेड़ा मंडी स्थित रघु एंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया और वहां से काजू का नमूना लिया. अभियान के दौरान अलग-अलग खाद्य कारोबारियों से लिए गए सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे. खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी रोकने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जैसलमेर में 3 महीने में लिए 30 से अधिक खाद्य नमूने
जैसलमेर में दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. त्योहार के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग और देशी-विदेशी पर्यटकों की आवक को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है.जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मुरलीधर सोनी ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री की आशंका को देखते हुए विशेष टीमें गठित की गई हैं. ये टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में होटल, मिठाई की दुकानों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं. संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत घी, तेल, मावा और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के 30 से अधिक नमूने लिए जा चुके हैं.वहीं, मिलावट और अमानक खाद्य सामग्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 1000 किलोग्राम यानी एक टन मावा, मिष्ठान और अन्य खाद्य सामग्री नष्ट की गई है. स्वास्थ्य विभाग का विशेष फोकस घी, तेल, मावा और मिठाइयों की गुणवत्ता पर है. विभागीय टीमें खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं, ताकि त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं हो.