राजस्थान में भारत टैक्सी की सेवाओं को रफ्तार देने के लिए सरकार ने अब एक्शन प्लान तैयार किया है. मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राज्य में भारत टैक्सी के संचालन को लेकर समीक्षा बैठक ली. सरकार का लक्ष्य अगले दो महीने में भारत टैक्सी की राइड संख्या बढ़ाकर प्रतिदिन 5 हजार तक पहुंचाना है. इसके लिए मार्केटिंग से लेकर ड्राइवरों के इंसेंटिव और सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर फोकस किया जाएगा. जयपुर में फिलहाल 53 हजार 766 ड्राइवर भारत टैक्सी पर पंजीकृत हैं.
मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने रविवार को नेहरू सहकार भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने मोबाइल फोन पर भारत टैक्सी ऐप का अवलोकन किया और खुद राइड बुक कर सेवाओं का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को ऐप की कार्यप्रणाली और यूजर एक्सपीरियंस बेहतर बनाने के निर्देश दिए.
सरकार ने भारत टैक्सी के संचालन को गति देने के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को अगले दो महीने में प्रतिदिन 5 हजार राइड तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए समर्पित टीम गठित करने, प्रभावी इंसेंटिव मॉडल तैयार करने और अगले 15 दिनों में व्यापक मार्केटिंग प्लान बनाकर लागू करने को कहा गया है. अब निगरानी इस बात पर रहेगी कि तय लक्ष्य के अनुरूप राइड की संख्या कितनी बढ़ती है.
भारत टैक्सी की पहुंच बढ़ाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा. इसके लिए स्टैंडी लगाने, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की मदद लेने और जयपुर नगर निगम के सहयोग से मार्केटिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस, परिवहन, नगर निगम और डेयरी सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर भारत टैक्सी को आम लोगों के बीच लोकप्रिय बनाने की तैयारी है.
बैठक में बताया गया कि जयपुर में भारत टैक्सी के साथ वर्तमान में 53 हजार 766 ड्राइवर पंजीकृत हैं. अब चुनौती इन पंजीकृत ड्राइवरों के जरिए राइड की संख्या बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सेवा देने की है. मुख्य सचिव ने हर राइड की समीक्षा करने, यात्रियों को सुरक्षित और किफायती परिवहन उपलब्ध कराने तथा सारथियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया.
भारत टैक्सी के संचालन पर अब दैनिक निगरानी रखी जाएगी. अधिकारियों को पोर्टल पर नियमित प्रगति रिपोर्ट दर्ज करने और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से रोजाना समीक्षा एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. राइड की संख्या, सेवाओं की गुणवत्ता और यात्रियों के अनुभव के आधार पर सुधार किए जाएंगे.
कुल मिलाकर भारत टैक्सी को जयपुर में मजबूत बनाने के लिए सरकार ने प्रचार, प्रोत्साहन और निगरानी- तीनों मोर्चों पर काम तेज करने के निर्देश दिए हैं. अब देखना होगा कि 53 हजार से ज्यादा पंजीकृत ड्राइवरों के बावजूद राइड संख्या बढ़ाने और अगले दो महीने में प्रतिदिन 5 हजार राइड का लक्ष्य हासिल करने में यह रणनीति कितनी कारगर साबित होती है.