App

दीवार फांदी, खेतों में दौड़ा...गवरी की भीड़ में छिपा: फिर भी ANTF से नहीं बच पाया 25 हजार का इनामी

Rajasthan News: चित्तौड़गढ़ में ANTF ने 25 हजार के इनामी तस्कर निम्बाराम को गिरफ्तार किया. होटल की दीवार फांदकर भागा तस्कर गवरी नृत्य की भीड़ में छिप गया था. उसके खिलाफ 26 केस दर्ज हैं. ANTF ने 100वें फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के साथ शतक पूरा किया.

दीवार फांदी, खेतों में दौड़ा...गवरी की भीड़ में छिपा: फिर भी ANTF से नहीं बच पाया 25 हजार का इनामी
Image Credit: Rajasthan ANTF 110th Wanted Arrested

Rajasthan Crime News: नवरात्रि स्थापना से पहले ANTF ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. चित्तौड़गढ़ के जोगणिया क्षेत्र में फिल्मी अंदाज में एक इनामी तस्कर को दबोचा गया है. 25 हजार रुपये का इनामी निम्बाराम पुलिस को देखते ही होटल की दीवार फांदकर खेतों में भागा. ANTF की टीम ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन शातिर तस्कर गवरी नृत्य की भीड़ में जाकर छिप गया. फिर भी ANTF ने हार नहीं मानी. घेराबंदी की और जोगणिया माता मंदिर के चौक से निम्बाराम को गिरफ्तार कर लिया. खास बात ये है कि ANTF के गठन का एक साल पूरा होने से पहले ही टीम ने 100वें फरार इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर शतक पूरा किया है.

ANTF का ऑपरेशन मारामन
नशे के नेटवर्क पर लगातार प्रहार कर रही ANTF ने अब अपना शतक पूरा कर लिया है. ऑपरेशन ‘मारामन’ के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा घोषित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी निम्बाराम उर्फ निमाराम को गिरफ्तार किया गया है. निम्बाराम पिछले करीब तीन साल से फरार था, लेकिन ANTF की लगातार निगरानी के बाद उसकी लोकेशन चित्तौड़गढ़ के जोगणिया माता क्षेत्र में मिली.

रिसॉर्ट में तस्करी की मीटिंग
ANTF को सूचना थी कि निम्बाराम अपने साथियों के साथ जोगणिया रिसॉर्ट में मौजूद है. मध्य प्रदेश से बड़ी मात्रा में डोडा-पोस्त मारवाड़ लाने की योजना को लेकर तस्करों की बैठक होनी थी. ANTF टीम ने बिना समय गंवाए रिसॉर्ट को घेर लिया. लेकिन जैसे ही निम्बाराम की नजर पुलिस टीम पर पड़ी, वह भाग निकला.

दीवार फांदी, खेतों में दौड़ा
पुलिस से बचने के लिए निम्बाराम ने होटल की दीवार फांदी और खेतों की तरफ दौड़ लगा दी. ANTF टीम भी उसके पीछे दौड़ी. करीब एक से दो किलोमीटर तक पीछा किया गया. लेकिन शातिर निम्बाराम ने यहां भी पुलिस को चकमा देने की कोशिश की.

गवरी की भीड़ में छिपा
भागते-भागते निम्बाराम जोगणिया माता मंदिर के चौक तक पहुंच गया. यहां गवरी नृत्य चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. निम्बाराम ने खुद को भीड़ में छिपा लिया. उसे उम्मीद थी कि भीड़ के बीच पुलिस उसे तलाश नहीं पाएगी. लेकिन ANTF टीम ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी. जैसे ही आरोपी दोबारा भीड़ से निकलकर भागने लगा, टीम ने उसे दबोच लिया.

26 केस वाला शातिर तस्कर
गिरफ्तार निम्बाराम कोई नया अपराधी नहीं है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ 2017 से 2026 तक कुल 26 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. इनमें NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम के साथ ही हत्या के प्रयास, मारपीट और आपराधिक षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं.

मजदूरी से तस्करी तक
बताया जा रहा है कि कक्षा आठ के बाद पढ़ाई छोड़कर निम्बाराम ट्रक चलाने और मजदूरी करने लगा था. इसी दौरान जोधपुर के तस्करों के संपर्क में आया और मादक पदार्थों की तस्करी में उतर गया. जेल जाने के दौरान दूसरे तस्करों से संपर्क बढ़ा. जमानत पर बाहर आने के बाद उसने अपना नेटवर्क खड़ा कर लिया.

दो बार नाकाबंदी तोड़ी
निम्बाराम की फरारी की कहानी भी कम चौंकाने वाली नहीं है. 2024 में डोडाचूरा लेने चित्तौड़गढ़ आया था. बागुंडा बालाजी क्षेत्र में पुलिस ने घेरा तो फॉर्च्यूनर छोड़कर जंगल में फरार हो गया. एक अन्य मामले में करीब 3 क्विंटल 16 किलो डोडाचूरा लेकर जा रहा था. जावदा-रावतभाटा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान हैरियर गाड़ी छोड़कर साथी के साथ भाग निकला.

ANTF का शतक
ANTF का गठन 7 अक्टूबर 2025 को हुआ था. गठन का एक वर्ष पूरा होने से पहले ही टीम ने देश के अलग-अलग हिस्सों से 100 फरार इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है. निम्बाराम की गिरफ्तारी ANTF के इसी अभियान की 100वीं बड़ी कामयाबी है. ANTF ने साफ कर दिया है कि राजस्थान को नशा मुक्त बनाने के अभियान में फरार तस्करों को भी नहीं बख्शा जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More