Gen Z को साधने में जुटी BJP: 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान शुरू
राजस्थान में जेन Z (Gen Z) को साधने के लिए बीजेपी 5 नवंबर तक 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान चला रही है. इसके तहत पदयात्राएं, प्रेस कॉन्फ्रेंस और कॉलेजों में युवा संवाद कार्यक्रम होंगे. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताया.
देश की राजनीति में इन दिनों जेन Z (Gen Z) पर फोकस बढ़ गया है. राजनीतिक पार्टियां चुनावों में टिकट देने से लेकर युवाओं का समर्थन हासिल करने की होड़ में जुटी हैं. इसी कड़ी में बीजेपी ने भी Gen Z को साधने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है.
'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान
बीजेपी की ओर से प्रदेशभर में 5 नवंबर तक 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान चलाया जा रहा है. विपक्ष की ओर से SIR और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर युवाओं के आंदोलन किए जा रहे हैं. ऐसे में बीजेपी ने विपक्ष को जवाब देने के लिए यह अभियान शुरू किया है.
अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस, पदयात्राएं, विधानसभा स्तर पर बौद्धिक संवाद और महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में युवा कार्यक्रम किए जाएंगे. बीजेपी इस अभियान के जरिए SIR के मुद्दे पर समर्थन जुटाएगी और विपक्ष के आरोपों का युवाओं के बीच जाकर जवाब देगी.
यह भी पढ़ें- पंचायत चुनाव में जीत के लिए BJP की रणनीति: संजय भाटिया ने बताया टिकट वितरण का फॉर्मूला
मदन राठौड़ ने अभियान को बताया समय की आवश्यकता
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान को समय की आवश्यकता बताया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना और लोगों को लोकतंत्र के प्रति जागरूक करना जरूरी है. कोई भ्रम नहीं फैला सके, इसके लिए जागरूकता जरूरी है. कई लोग गलत तरीके से देश की नागरिकता ले लेते हैं, उनकी छानबीन होना आवश्यक है.
अभियान के तहत बीजेपी प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल को प्रदेशभर में पदयात्राओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है. एकता अग्रवाल ने कहा कि विपक्षी पार्टियां युवाओं को टारगेट कर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही हैं. कुछ लोग बांग्लादेश की तरह तख्तापलट की बात कर रहे हैं. बीजेपी सड़कों पर उतरकर यह बताएगी कि देश का युवा देशभक्त है और देश के लोकतंत्र पर विश्वास करता है.
इन मुद्दों को लेकर युवाओं के बीच जाएगी बीजेपी
वहीं बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि युवाओं के साथ SIR और विपक्ष की ओर से संवेदनशील संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर संवाद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को बरगलाने की कोशिश की जा रही है. इन तमाम मुद्दों को लेकर बीजेपी युवाओं के बीच जाएगी.
बीजेपी 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान के जरिए Gen Z को साधने और SIR के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब देने की तैयारी में है. 5 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में पदयात्राओं और युवा संवाद के जरिए बीजेपी प्रदेश के युवाओं तक अपनी बात पहुंचाएगी.