राजस्थान पंचायत चुनाव के बीच राज्यसभा सांसद और राजस्थान भाजपा प्रभारी संजय भाटिया बीकानेर दौरे पर पहुंचे. बीकानेर दौरे के दौरान संजय भाटिया ने भाजपा संगठन की बैठक में हिस्सा लिया. इसके साथ ही ज़ी मीडिया से खास बातचीत में पंचायत चुनाव की रणनीति, टिकट वितरण और संगठन में बदलाव समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी.
संजय भाटिया ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा की कोर कमेटी में रणनीति तैयार की गई है. चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पार्टी ने मिलकर योजना बनाई है. टिकट वितरण को लेकर भाटिया ने कहा कि जिला और प्रदेश स्तर पर सामूहिक सहमति से फैसले लिए जाते हैं. साथ ही टिकट देते समय युवा चेहरों और अनुभवी कार्यकर्ताओं के बीच संतुलन बनाया जाता है और टिकट के दावेदारों की संख्या और उनकी जमीनी सक्रियता को भी ध्यान में रखा जाता है.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के बयान पर संजय भाटिया ने निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत चौथी बार मुख्यमंत्री बनें या पांचवीं बार बनें, इसका फैसला पार्टी हाईकमान पर निर्भर करता है.
संजय भाटिया ने राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि PM मोदी किसी के दबाव में आकर नहीं झुकते और देश का हित उनके लिए सर्वोपरि है. अमेरिकी दबाव के मुद्दे पर भाटिया ने कहा कि किसी भी देश के साथ भारत के रिश्ते खराब नहीं हुए हैं. इसके साथ ही भाटिया ने राहुल गांधी पर सत्ता के लालच में देश का नुकसान करने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि देश की सुरक्षा और सेना जैसे गंभीर मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए.
'रिजीम चेंज' के बयान को लेकर भी संजय भाटिया ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को लोकतंत्र पर भरोसा है, तो उसे चुनाव लड़ना चाहिए. चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर उन्होंने कांग्रेस नेताओं को घेरते हुए कहा कि एक तरफ पार्टी चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ने का दावा करती है, तो वहीं दूसरी तरफ चुनाव आयोग पर अविश्वास जताती है. भाटिया ने कांग्रेस नेताओं को आत्मचिंतन करने की नसीहत दी. वहीं भाजपा संगठन में बदलाव के सवाल पर संजय भाटिया ने कहा कि पार्टी में बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है. संगठन को मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर बदलाव किए जाते हैं.
Reporter- Raunak Vyas