Rajasthan Politics: बीजेपी आज पंचायत चुनावों को लेकर संकल्प पत्र जारी किया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पंचायतीराज चुनाव के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन किया. मुख्यमंत्री ने मुख्यालय में नवनिर्मित सेवा संकल्प सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया.
संकल्प पत्र के जरिए जनता से किए विकास के वादे
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच विकास का संकल्प पत्र लेकर चुनाव में जाती है. विधानसभा चुनाव के पहले हम संकल्प पत्र लेकर जनता के बीच गए थे. इसी प्रकार निकाय चुनाव पहले भी संकल्प पत्र जारी किया था. नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव के बाद हमने निकायों में 100 दिन के विकास कार्यों पर रोडमैप तैयार किया.
DBT से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा पैसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई गई है, जिससे योजनाओं का पूरा लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधा लाभार्थियों के खाते में पहुंचाता है.
गांवों में शहर जैसी सुविधाएं देने का लक्ष्य
CM ने कहा शहर जैसी सुविधाएं गांवों में मिलने से ग्रामीण शहरों की ओर पलायन नहीं करेंगे, इसके लिए ग्राम विकास का रोडमैप बनाया गया है. उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीण गांव के विकास और आवश्यकताओं के सुझाव जरूर दें. हमारी सरकार भी बजट से पहले किसान, पशुपालक, युवा, महिलाओं और उद्यमियों को बुलाकर उनके सुझाव लेती है.
गांवों में खेल मैदान और अटल ज्ञान केंद्रों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में पीएचसी, सीएचसी और सब सेंटर की आवश्यकता का ध्यान रखा गया है. युवाओं के लिए ग्राम पंचायत में खेल के मैदान बनाए जाएंगे, जिससे प्रतिभाओं को अवसर मिले और वे राजस्थान का नाम रोशन करें. अच्छी शिक्षा और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ई-लाइब्रेरी, ई-मित्र सुविधा युक्त अटल ज्ञान केंद्र खोले जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि 3 हजार अटल ज्ञान केंद्रों की घोषणा की थी, जिसके तहत अब तक 650 केंद्र बनकर तैयार हो गए हैं.
चार जल परियोजनाओं से ग्रामीणों और किसानों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार महत्वपूर्ण जल परियोजनाएं मिली हैं, जिसका लाभ किसान सहित बड़ी ग्रामीण आबादी को मिलेगा. राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देशीय परियोजना से प्रदेश में जलापूर्ति की सुविधा बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि देश में पहले जो सरकारें रहीं, उन्होंने गांव, निकाय के विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं के बारे में नहीं सोचा.
किसानों की सम्मान निधि 12 हजार रुपये करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को 9 हजार रुपये की सम्मान निधि दी जा रही है, जिसे 12,000 तक ले जाया जाएगा. घुमंतु, अर्धघुमंतु को आवासीय पट्टे दिए गए हैं. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जरूरतमंदों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है. 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया है. ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों की मदद के लिए मोबाइल वेटरनरी वेन चलाई जा रही हैं.
विकसित गांव और समृद्ध राजस्थान का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के स्पष्ट विजन के साथ विकसित गांव -समृद्ध राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से गांवों को विकसित बनाने और ग्रामीणों को शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विकसित गांव विकसित भारत का आधार है.
मदन राठौड़ बोले- विकसित गांव, विकसित भारत का आधार
ग्राम विकास संकल्प पत्र गांवों की आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है. इसके प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा, युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में वन स्टेट-वन इलेक्शन का सफल क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे बार-बार चुनाव पर होने वाला खर्च कम होगा और जनप्रतिनिधि पांच वर्ष तक निरंतर विकास कार्य कर सकेंगे.
बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, सह प्रदेश प्रभारी कुलदीप सिंह चहल, कविता पाटीदार सहित वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Report- Vishnu Sharma