Sikar News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज राजस्थान के सीकर जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने सबसे पहले बाबा श्याम के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना मांगी. इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा फतेहपुर पहुंचे, जहां चिड़िया कॉलेज के खेल ग्राउंड में आयोजित आमसभा और लाभार्थी जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए.
₹1277 करोड़ के 83 विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आपका स्थानीय नेताओं ने साफा का माला पहनकर स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने आयोजित कार्यक्रम में सीकर, चूरू, झुंझुनू के 1277.007 करोड़ के 83 विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया. इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ और UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
राजेंद्र राठौड़ ने यमुना जल योजना को बताया ऐतिहासिक सौगात
कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ के ऊर्जावान और भावुक संबोधन से हुई. राठौड़ ने ₹1277 करोड़ के विशाल विकास बजट और विशेषकर शेखावाटी की जीवनरेखा बनने जा रही यमुना जल योजना की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का शेखावाटी वासियों की ओर से धन्यवाद किया. इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान के पूर्व उपराष्ट्रपति स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत को नमन करते हुए कहा कि शेखावाटी तक यमुना का पानी लाना स्व. भैरों सिंह शेखावत का ऐतिहासिक सपना था. आज उस सपने को साकार होते देख स्वर्गीय शेखावत का आशीर्वाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर स्वर्गलोक से बरस रहा होगा.
निकाय चुनावों में BJP की जीत का राठौड़ ने किया जिक्र
राठौड़ ने हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड और निर्णायक सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि आमजन ने मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियों, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता में अपना अटूट विश्वास प्रकट करते हुए भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पूर्ण निष्ठा से काम कर रही है और जल जीवन मिशन के तहत सर्वाधिक नल कनेक्शन शेखावाटी क्षेत्र में देकर इतिहास रचा गया है.
झाबर सिंह खर्रा ने शेखावाटी के जल संकट का उठाया मुद्दा
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने जनसभा को संबोधित किया. खर्रा ने शेखावाटी के तीन दशकों से चले आ रहे गंभीर जल संकट पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विगत तीन दशकों से पानी के एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हमारे शेखावाटी अंचल को पानी पिलाने का ऐतिहासिक और पुण्य कार्य भजनलाल सरकार ने किया है. इसके लिए मुख्यमंत्री का जितना धन्यवाद किया जाए कम है.
चूरू में ₹800 करोड़ की जल संरचना का शिलान्यास
खर्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए घोषणा की कि यमुना नहर परियोजना के पहले चरण के तहत ₹800 करोड़ की लागत से चूरू में बनने वाली विशाल जल संरचना का आज शिलान्यास किया गया है, जो इस क्षेत्र के लिए एक क्रांतिकारी मोड़ साबित होगा. युवाओं का जिक्र करते हुए खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्थान के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले पेपर माफियाओं की कमर तोड़ दी है. पेपर चोरी पर कठोर लगाम कसते हुए दर्जनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है, जिससे प्रदेश के युवाओं का विश्वास दोबारा बहाल हुआ है. आखिर में उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों में भी जनता से विकास के इस रथ को अनवरत आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करने का आह्वान किया.
शेखावाटी की ऐतिहासिक विरासत को CM ने किया नमन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा फतेहपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत शेखावाटी की पावन और गौरवशाली ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को नमन करते हुए की. उन्होंने कहा कि शेखावाटी की भूमि केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि यह वीरों, विद्वानों, त्याग और बलिदान की भूमि है. यहां की ऐतिहासिक हवेलियां, कलात्मक बावड़ियां और प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हमारे समृद्ध सांस्कृतिक वैभव के प्रतीक हैं.
जल संकट के स्थायी समाधान को सरकार की प्राथमिकता बताया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शेखावाटी की सबसे विकराल समस्या जल संकट पर बोलते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारी सरकार ने सत्ता संभालने के पहले ही दिन से पानी की समस्या के स्थायी समाधान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा. हमने कागजी आश्वासनों से इतर धरातल पर कठोर और दूरदर्शी फैसले लिए. उन्होंने यमुना जल समझौते का विशेष उल्लेख किया और इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी की जनविरोधी नीतियों पर कड़ा प्रहार किया.
यमुना जल समझौते को लेकर कांग्रेस पर CM का आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि हरियाणा विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में राजस्थान के साथ हुए यमुना जल समझौते को रद्द करने का वादा किया था. कांग्रेस का यह कदम शेखावाटी और संपूर्ण राजस्थान की जनता के हितों पर बहुत बड़ा कुठाराघात था लेकिन कांग्रेस की उस षड्यंत्रकारी सोच को जनता ने पूरी तरह नकार दिया. हमारी सरकार ने बिना किसी विलंब के इस समझौते को अमलीजामा पहनाया और वह दिन दूर नहीं जब यमुना का जल शेखावाटी के हर खेत और हर घर तक पहुंचेगा.
शेखावाटी में तीन नए हाईवे और हवेलियों के संरक्षण का प्लान
शेखावाटी के चौमुखी विकास का समग्र ढांचा प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाओं और उपलब्धियों का ब्योरा दिया. मुख्यमंत्री ने सड़क एवं कनेक्टिविटी को लेकर कहा शेखावाटी क्षेत्र में आवागमन को तीव्र एवं सुगम बनाने के लिए तीन नए आधुनिक हाईवे का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है. वहीं, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण लेकर कहा शेखावाटी की विश्वप्रसिद्ध स्थापत्य कला और हवेलियों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार 662 ऐतिहासिक हवेलियों का कायाकल्प और जीर्णोद्धार करेगी, जिससे स्थानीय पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा.
1.25 लाख सरकारी नौकरियों और प्रशासनिक सुधारों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में प्रशासनिक सुधारों की दिशा में '1 स्टेट, 1 इलेक्शन' को सफलतापूर्वक लागू किया गया है. इसके साथ ही युवाओं के लिए 1,25,000 नई सरकारी नौकरियों की भर्तियों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पूर्ववर्ती सरकार के दौरान घाटे में चल रहे राजस्थान रोडवेज, विद्युत कंपनियों और डेयरी क्षेत्र को हमारी सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण अब मुनाफे की स्थिति में ला खड़ा किया गया है. संकल्प पत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने गर्व से साझा किया कि सरकार ने अपने कार्यकाल के शुरुआती दौर में ही अपने 78% चुनावी वादों को पूरा कर दिखाया है.
पंचायत चुनाव में BJP के समर्थन की CM की अपील
संबोधन के आखिर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनसमूह से आत्मीय अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार की इन सभी कल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए आमजन को भी एक सजग भागीदार बनना होगा. उन्होंने उपस्थित विशाल जनसमूह से आगामी पंचायत चुनावों में एकजुट होकर सुशासन, पारदर्शिता और विकास की नीति का समर्थन करने और भारी मतों से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया.
Report- Ashok Singh Shekhawat