SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रितु बराला के समर्थन में उतरे राहुल गांधी: जारी किया 12 मिनट का Video

रितु बराला और अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट के मामले में राहुल गांधी ने गोविंद सिंह डोटासरा को फोन कर राजस्थान में FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए. डोटासरा ने पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने का भरोसा दिया.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Oct 17, 2026, 12:06 PM IST | Updated: Oct 17, 2026, 12:10 PM IST
Image Credit: रितु बराला के समर्थन में उतरे राहुल गांधी.
Join

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट का मामला लगातार गरमा रहा है. राजस्थान की युवा नेता रितु बराला और केरल की अथिरा के साथ महिला पुलिसकर्मी की मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. संसद मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया. अब इस मामले में राहुल गांधी ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से फोन पर बात कर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं.

रितु बराला के मामले में डोटासरा को किया फोन
रितु बराला के साथ हुई कथित मारपीट को लेकर शुक्रवार को राहुल गांधी ने उनसे बातचीत की. इस दौरान रितु बराला और अथिरा सहित एनएसयूआई के कुछ कार्यकर्ता दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और अपने साथ हुई मारपीट के बारे में राहुल गांधी को जानकारी दे रहे थे. बातचीत के बीच राहुल गांधी ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को फोन किया और जयपुर में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए.

यह भी पढ़ें- NSUI नेताओं से मारपीट पर कांग्रेस एक्शन मोड में: राहुल गांधी के फोन के बाद राजस्थान में दर्ज होगी FIR!

बताया गया कि एफआईआर दिल्ली पुलिस की अधिकारी चंचल यादव के खिलाफ दर्ज कराने को लेकर निर्देश दिए गए. राहुल गांधी ने इस मामले में केरल के गृह मंत्री से भी बातचीत की. जानकारी के मुताबिक, केरल में पहले ही जीरो एफआईआर दर्ज की जा चुकी है.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर जारी किया 12 मिनट का वीडियो
शुक्रवार शाम राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर करीब 12 मिनट का वीडियो साझा किया. इसमें उन युवाओं के अनुभव सामने रखे गए, जिन्होंने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित मारपीट का सामना किया. वीडियो में ऐसे युवाओं का भी जिक्र किया गया, जिन्हें कथित तौर पर जबरन जेल में डाल दिया गया और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज किए गए.

राहुल गांधी ने राजस्थान की रितु बराला के हौसले की तारीफ करते हुए उन्हें 'शेरनी' कहा. उन्होंने कहा कि रितु किसी से डरने वाली नहीं हैं. राहुल गांधी ने उनके जज्बे और साहस की सराहना भी की.

डोटासरा बोले- पीड़ित छात्राओं के साथ खड़ी है कांग्रेस
राहुल गांधी के निर्देश के बाद गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस उन सभी छात्र-छात्राओं के साथ मजबूती से खड़ी है, जिनके साथ दिल्ली पुलिस ने कथित बर्बरता की. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए आरोप लगाया कि छात्राओं के साथ मारपीट और फिर एफआईआर दर्ज करने से इनकार करना भाजपा सरकार के लोकतंत्र-विरोधी रवैये को दर्शाता है.

डोटासरा ने कहा कि युवाओं के साथ हुई कथित बर्बरता के मामले में हर हाल में न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने राहुल गांधी को भरोसा दिलाया कि राजस्थान की बेटी रितु बराला सहित प्रदेश की पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत से उनके साथ खड़ी रहेगी.

डोटासरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस कानून से ऊपर नहीं है. उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की. इस घटनाक्रम के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट का मामला राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES