App

NSUI नेताओं से मारपीट पर कांग्रेस एक्शन मोड में: राहुल गांधी के फोन के बाद राजस्थान में दर्ज होगी FIR!

राजस्थान में पाकिस्तान पर दिए गए बयान को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने सामने हैं. गोविंद सिंह डोटासरा और प्रताप सिंह खाचरियावास ने मदन राठौड़ पर निशाना साधा, वहीं, राठौड़ ने बयान को तोड़ मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया.

NSUI नेताओं से मारपीट पर कांग्रेस एक्शन मोड में: राहुल गांधी के फोन के बाद राजस्थान में दर्ज होगी FIR!
Image Credit: राजस्थान की सियासत गरम.

Jaipur News: राजस्थान की राजनीति में पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने तीखा पलटवार किया है. वहीं, मदन राठौड़ ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. इस राजनीतिक विवाद के बीच राहुल गांधी ने भी डोटासरा से फोन पर बातचीत कर एनएसयूआई नेताओं के साथ कथित मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं.

राहुल गांधी ने डोटासरा से की फोन पर बात
कांग्रेस से जुड़ी जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से फोन पर बातचीत की. बताया गया कि दिल्ली में एनएसयूआई नेताओं के साथ मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है. इस घटना में राजस्थान की रितु बराला सहित कई युवाओं की पिटाई होने की बात सामने आई है. राहुल गांधी ने डोटासरा को निर्देश दिए कि राजस्थान में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाए.

डोटासरा का भाजपा पर तीखा हमला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की रग-रग में पाकिस्तान है और पार्टी राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ खड़ी है.

डोटासरा ने कहा कि आतंकी हमलों में भारतीयों की हत्या करने वाले पाकिस्तान के समर्थन की बात करना देश के वीर जवानों और करोड़ों भारतीयों का अपमान है. उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरों को देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटने वाली भाजपा का असली चेहरा देश के सामने आ गया है.

प्रताप सिंह खाचरियावास ने मांगी माफी की मांग
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी मदन राठौड़ के बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए. खाचरियावास ने भाजपा पर आतंकवाद के साथ खड़े होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से आतंकवादी घटनाएं होने के बीच उसके साथ खड़े होने की बात करना गलत है. उन्होंने भाजपा से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने और माफी मांगने की मांग की.

मदन राठौड़ बोले- बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया
विवाद बढ़ने के बाद मदन राठौड़ ने अपने बयान पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि उनके बयान को काटकर वायरल किया गया और उसे तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है. उनके मुताबिक, पूरा बयान सुनने पर स्पष्ट हो जाएगा कि उन्होंने क्या कहा था.

राठौड़ ने दावा किया कि वह क्रिकेट मैच के संदर्भ में बात कर रहे थे. उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच में भारत के हारने पर पटाखे फोड़ने वाले देशभक्त नहीं हैं. इसी संदर्भ में उन्होंने पाकिस्तान और अमेरिका का जिक्र किया था. उन्होंने सवाल उठाया कि इसमें गलत क्या कहा.

कांग्रेस पर भी साधा निशाना
मदन राठौड़ ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है और वह बेवजह की बातें कर रही है. उन्होंने वायरल बयान को लेकर कानूनी कार्रवाई करने से इनकार किया और कहा कि उनके खिलाफ षड्यंत्र किया गया, लेकिन विरोधी सफल नहीं होंगे.

डोटासरा पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेता के पास कोई काम नहीं है. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह विदेश जाकर भारत का अपमान करते हैं और कांग्रेस को उन्हें संभालना चाहिए. राठौड़ ने कहा कि वह खुद संभले हुए देशभक्त हैं और उनके भीतर देशभक्ति कूट-कूटकर भरी हुई है.

फिलहाल, मदन राठौड़ के बयान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. कांग्रेस जहां भाजपा से माफी मांगने की मांग कर रही है, वहीं राठौड़ अपने बयान को क्रिकेट से जुड़ा बताते हुए आरोपों को खारिज कर रहे हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More