App

मदन राठौड़ के 'पाकिस्तान बयान' पर सियासी घमासान: BJP अध्यक्ष ने दी सफाई, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा

Jaipur News: पाकिस्तान पर दिए गए बयान को लेकर मदन राठौड़ और कांग्रेस आमने-सामने हैं. बीजेपी अध्यक्ष ने सफाई देते हुए बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया, वहीं कांग्रेस ने इसे देशद्रोह बताते हुए उनसे माफी की मांग की है.

मदन राठौड़ के 'पाकिस्तान बयान' पर सियासी घमासान: BJP अध्यक्ष ने दी सफाई, कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा
Image Credit: पाकिस्तान वाले बयान पर भड़का सियासी घमासान.

Jaipur News: राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए एक कथित बयान के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है. इस वायरल बयान को लेकर जहां कांग्रेस बीजेपी पर लगातार हमलावर है, वहीं मदन राठौड़ ने पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है.

'मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया': मदन राठौड़
विवाद बढ़ता देख बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने बयान पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और छोटा-सा हिस्सा काटकर जानबूझकर वायरल किया गया. राठौड़ ने साप किया, "मैंने क्रिकेट के परिप्रेक्ष्य में बात की थी. अगर कोई भारत-पाकिस्तान के मैच में भारत की हार पर पटाखे फोड़ता है, तो वह देशभक्त नहीं है. इसमें मैंने क्या गलत कह दिया?"

उन्होंने आगे कहा कि अगर पूरा वाक्य सुना जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी. उन्होंने युद्ध के मुद्दे पर कहा कि मैंने क्रिकेट मैच की बात की थी, लेकिन पता नहीं कहां से इसमें युद्ध को खींच लाया गया.

लीगल एक्शन से इनकार, कांग्रेस पर साधा निशाना
वायरल वीडियो पर कानूनी कार्रवाई करने के सवाल पर मदन राठौड़ ने लीगल एक्शन लेने से इनकार करते हुए कहा कि देश की जनता सब जानती है. उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है, लेकिन विरोधी इसमें कभी सफल नहीं होंगे. प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आरोपों का जवाब देते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा या काम नहीं बचा है, इसलिए वे फालतू की बातें उड़ा रहे हैं.

राहुल गांधी और कांग्रेस के 'पाकिस्तान प्रेम' के आरोपों पर पलटवार
कांग्रेस द्वारा लगाए गए पाकिस्तान प्रेम के आरोपों पर कड़ा प्रहार करते हुए मदन राठौड़ ने कहा, "राहुल गांधी खुद विदेश जाकर भारत का अपमान करते हैं. कांग्रेस को उन्हें संभालना चाहिए, मुझे संभालने की जरूरत नहीं है. मैं एक संभला हुआ देशभक्त हूं और देशभक्ति हमारे अंदर कूट-कूटकर भरी हुई है. जो खुद गलत गतिविधियों में डूबे हैं, वे मुझे क्या सीख देंगे?"

'बीजेपी देशद्रोही पार्टी, मांगनी चाहिए माफी': प्रताप सिंह खाचरियावास
दूसरी ओर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने मदन राठौड़ के बयान पर तीखा पलटवार किया है. खाचरियावास ने कहा कि बीजेपी नेताओं का असली चिंतन, चरित्र और चेहरा अब सामने आ गया है. पाकिस्तान की ओर से लगातार होने वाली आतंकवादी घटनाओं के बीच उसके साथ खड़े होने की बात करना बेहद गलत है. बीजेपी को अपनी गलती स्वीकार कर देश से माफी मांगनी चाहिए.

मदन राठौड़ के स्पष्टीकरण (क्रिकेट मैच वाले तर्क) पर प्रतिक्रिया देते हुए खाचरियावास ने कहा कि बात सिर्फ पाकिस्तान के साथ खड़े होने के बयान की है. उन्होंने अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि जब लालकृष्ण आडवाणी जिन्ना की मजार पर गए थे, तब भी विवाद हुआ था और अब बीजेपी नेता पाकिस्तान के साथ खड़े होने की बातें कर रहे हैं.

'भारत का हर नागरिक पाकिस्तान से नफरत करता है'
प्रताप सिंह खाचरियावास ने आगे कहा कि बीजेपी को यह समझ नहीं आता कि इस देश का हिंदू और मुसलमान, दोनों ही पाकिस्तान से नफरत करते हैं. यही कारण है कि जब राफेल उड़ा था, तो उसे एक मुस्लिम फाइटर पायलट उड़ा रहा था. भारत के हिंदू और मुस्लिम मिलकर पाकिस्तान से लड़ते हैं और बांग्लादेश बना देते हैं, जबकि बीजेपी नेता युद्ध की स्थिति में पाकिस्तान के साथ खड़े होने जैसे बयान दे रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More