)
Rado The Watch Factory Theft:जयपुर के टोंक रोड स्थित RADO शोरूम में गुरुवार तड़के 5 से 7 बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 2.5 करोड़ रुपये कीमत की 251 घड़ियां चोरी कर लीं. बदमाश लोहे की रॉड से शटर तोड़कर अंदर घुसे और करीब 36 मिनट तक शोरूम में रहे. CCTV फुटेज में दो बदमाश बैगों में घड़ियां भरते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके साथी बाहर निगरानी करते रहे. बदमाशों को शोरूम में CCTV और DVR होने की जानकारी थी. उन्होंने DVR समझकर म्यूजिक सिस्टम भी निकाल लिया, लेकिन बाद में गलती का पता चलने पर उसे गेट के पास छोड़कर फरार हो गए. बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
जयपुर में RADO शोरूम में करोड़ों की चोरी
जयपुर. राजधानी जयपुर में विदेशी लग्जरी वॉच ब्रांड RADO के शोरूम में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है. टोंक रोड इलाके में गुरुवार, 1 अक्टूबर की तड़के बदमाशों ने शोरूम का शटर तोड़कर करीब 2.5 करोड़ रुपये कीमत की 251 घड़ियां चोरी कर लीं. पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है. फुटेज में बदमाश बैगों में घड़ियां भरते नजर आ रहे हैं.
शोरूम के बाहर बैठकर बनाया प्लान
पुलिस के अनुसार, करीब 5 से 7 बदमाश सुबह 4:30 बजे शोरूम के बाहर पहुंचे थे. सभी कुछ देर तक बंद शोरूम की सीढ़ियों पर बैठकर इंतजार करते रहे. इसके बाद बदमाशों ने लोहे की दो रॉड की मदद से शटर तोड़ दिया. शटर टूटने के बाद दो बदमाश अंदर दाखिल हुए, जबकि उनके साथी बाहर रहकर निगरानी करते रहे. बदमाशों ने शोरूम के अंदर घुसने के बाद बेहद तेजी से घड़ियों को समेटना शुरू किया. CCTV फुटेज में दो आरोपी बैगों में घड़ियां भरते दिखाई दे रहे हैं.
5 बैग में भरकर ले गए 251 घड़ियां
पुलिस के मुताबिक, बदमाश करीब 4:36 बजे शोरूम के अंदर दाखिल हुए और लगभग 5:12 बजे वहां से बाहर निकले. यानी पूरी वारदात को करीब 36 मिनट में अंजाम दिया गया. इस दौरान बदमाशों ने पांच बैगों में घड़ियां भर लीं. चोरी हुई घड़ियों की कुल संख्या 251 बताई गई है. शोरूम से इतनी बड़ी संख्या में महंगी घड़ियां चोरी होने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जांच शुरू कर दी है.
DVR समझकर म्यूजिक सिस्टम भी निकाल ले गए
बदमाशों को शोरूम में CCTV कैमरे लगे होने की जानकारी थी. वारदात के दौरान वे रिकॉर्डिंग सिस्टम यानी DVR की तलाश करते नजर आए. हालांकि, उन्हें DVR नहीं मिला. इसके बजाय उन्होंने शोरूम में लगे म्यूजिक सिस्टम को DVR समझकर निकाल लिया. बताया जा रहा है कि शोरूम के गेट तक पहुंचने के बाद बदमाशों को अपनी गलती का अहसास हुआ. इसके बाद वे म्यूजिक सिस्टम को वहीं छोड़कर फरार हो गए. बजाज नगर थाना पुलिस ने वारदात के संबंध में जांच शुरू कर दी है. पुलिस CCTV फुटेज, बदमाशों की संख्या और उनके आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.