गर्भवती चाची की हत्या के बाद दफनाया शव, पेट में पल रहे भ्रूण से खुला खौफनाक हत्याकांड का राज
Bindaayka Murder Case: जयपुर के बिंदायका में गर्भवती महिला किरण की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, किरण अपने भतीजे प्रवेश रावत के साथ लिव-इन में रह रही थी. अवैध संबंधों के शक में प्रवेश ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को मकान के खाली हिस्से में गड्ढा खोदकर नमक डालकर दफना दिया. किरण करीब तीन महीने की गर्भवती थी. शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को करौली हाईवे से गिरफ्तार किया.
Jaipur Murder Case: जयपुर के बिंदायका थाना इलाके में गर्भवती महिला की हत्या कर शव को जमीन में दफन करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, मृतका किरण अपने रिश्ते में भतीजे लगने वाले प्रवेश रावत के साथ लिव-इन पार्टनर के रूप में रह रही थी. प्रवेश ने अवैध संबंधों के शक में किरण की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को मकान के खाली हिस्से में गड्ढा खोदकर दफना दिया और ऊपर नमक डाल दिया. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि किरण करीब तीन महीने की गर्भवती थी और शव को बाहर निकालने के दौरान गर्भ में पल रहा भ्रूण भी बाहर आ गया.
मकान से दुर्गंध आने पर हुआ शक
मामला बिंदायका थाना इलाके की प्रेस्टिज कॉलोनी का है. यहां बाराबंकी, उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश और किरण किराए के मकान में रह रहे थे. रविवार 27 सितंबर को मकान मालिक झोटवाड़ा की बृजमंडल कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार मीणा मकान पर पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला. इसके बाद उसने पास ही रहने वाले प्रवेश के जीजा मंगल कुमार को बुलाया.
मकान से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही बिंदायका थाना प्रभारी अनिल जैमिनी, डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान मकान के खाली हिस्से में गड्ढे से महिला का शव बरामद हुआ. एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया.
चाची के साथ लिव-इन में रह रहा था प्रवेश
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, पुलिस ने हत्या के आरोप में प्रवेश रावत उर्फ हग्गु (22) निवासी बाराबंकी, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतका किरण रिश्ते में प्रवेश की चाची लगती थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध होने के बाद प्रवेश इस साल जनवरी में किरण को बाराबंकी से जयपुर लेकर आया था. बाद में दोनों सामाजिक स्तर पर समझौते के बाद जयपुर में लिव-इन में रहने लगे.
किरण के गर्भवती होने के चलते प्रवेश उसकी देखरेख भी करता था. दोनों एक ही मोबाइल फोन इस्तेमाल करते थे. प्रवेश के काम पर जाने के दौरान मोबाइल घर पर रहता था. पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर प्रवेश को शक था कि किरण किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बात करती है.
अवैध संबंधों के शक में गला दबाकर हत्या
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को प्रवेश और किरण के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ. विवाद बढ़ने पर प्रवेश ने एक हाथ से किरण का गला दबाया और दूसरे हाथ से उसका मुंह और नाक दबा दिया. इससे उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद प्रवेश ने मकान के खाली हिस्से में गड्ढा खोदा और किरण के शव को उसमें दफना दिया. पुलिस के मुताबिक, उसने शव पर नमक भी डाला, ताकि दुर्गंध कम हो और शव जल्दी गल जाए. इसके बाद वह पुलिस को गुमराह करने के लिए किरण की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की योजना बना रहा था.
तीन महीने की गर्भवती थी किरण
पुलिस के अनुसार, किरण करीब तीन महीने की गर्भवती थी. शव को गड्ढे से बाहर निकाले जाने के दौरान गर्भ में पल रहा भ्रूण भी बाहर आ गया. इस तथ्य ने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ एफएसएल टीम से मौके से साक्ष्य भी जुटाए.
हत्या के बाद बालाजी की पदयात्रा में शामिल हुआ
पुलिस जांच में आरोपी की वारदात के बाद की गतिविधियां भी सामने आई हैं. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद प्रवेश सामोद बालाजी की पैदल यात्रा में शामिल होकर दर्शन के लिए चला गया. पुलिस का कहना है कि वह खुद को बचाने के लिए इस पदयात्रा में शामिल हुआ था. इसके बाद 24 से 26 सितंबर तक वह फैक्ट्री में जाकर रहा.
27 सितंबर को उसे घटना का खुलासा होने का अंदेशा हुआ. इसके बाद उसने फैक्ट्री के ठेकेदार से 500 रुपये उधार लिए और वहां से फरार हो गया.
मोबाइल ऑन करते ही पुलिस ने दबोचा
शव मिलने के बाद पुलिस ने प्रवेश की तलाश में कई जगह दबिश दी. पुलिस के मुताबिक, फरार होने के दौरान उसने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी गतिविधियों का पीछा किया. बाद में जैसे ही प्रवेश ने मोबाइल फोन ऑन किया, उसकी लोकेशन करौली हाईवे की मिली. इसके बाद पीछा कर रही पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया.
पूछताछ में पहले सुनाई आत्महत्या की कहानी
पुलिस गिरफ्त में आने के बाद प्रवेश ने खुद को बचाने की कोशिश की. पूछताछ में उसने बताया कि किरण ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. उसके अनुसार, घर पहुंचने पर किरण फंदे से लटकी मिली और उसने शव को नीचे उतारा था. इसके बाद डर के कारण उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए जमीन में दफना दिया.
हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रवेश को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.