App

13 ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर वायर-ऑयल चोरी: प्रतापगढ़ में टॉप-10 आरोपी गिरफ्तार, कई इलाकों में की चोरी

प्रतापगढ़ के सालमगढ़ थाना पुलिस ने विद्युत ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर वायर और ऑयल चोरी के मामले में टॉप-10 वांछित आरोपी सूरज भील को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर दलोट स्थित भंडार कार्यालय में रखे 13 ट्रांसफॉर्मरों से चोरी करने के मामले में शामिल होने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी मिली है.

13 ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर वायर-ऑयल चोरी: प्रतापगढ़ में टॉप-10 आरोपी गिरफ्तार, कई इलाकों में की चोरी
Image Credit: Zee Media

Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में विद्युत ट्रांसफॉर्मरों से तांबे के तार और ऑयल चोरी करने के मामले में सालमगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टॉप-10 में शामिल वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर दलोट स्थित सहायक अभियंता भंडार कार्यालय में रखे 13 विद्युत ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर वायर और ऑयल चोरी करने के मामले में शामिल होने का आरोप है.

कई जिलों में चोरी की वारदातों को लेकर पूछताछ
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और अन्य क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिली है. मामले में आगे की जांच जारी है. सालमगढ़ थानाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि सहायक अभियंता भंडार कार्यालय दलोट में कार्यरत परिवादी सीताराम मीणा ने रिपोर्ट दी थी कि 8 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने कार्यालय के भंडार में रखे विद्युत ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर वायर और ट्रांसफॉर्मर ऑयल चोरी कर लिया.

CCTV फुटेज खंगाले, पहले पांच आरोपी हो चुके गिरफ्तार
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की. इस मामले में पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, प्रकरण में वांछित टॉप-10 आरोपी सूरज भील की तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी.

आरोपी सूरज भील गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के आधार पर पुलिस ने सूरज भील को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी मूल रूप से देवका, थाना बाजना, जिला रतलाम मध्यप्रदेश का निवासी है और वर्तमान में बृजुंदा, चित्तौड़गढ़ में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने निम्बाहेड़ा कोतवाली, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, राशमी, चित्तौड़गढ़, वल्लभनगर और भींडर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों और उसके साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है.

मामले में पुलिस की जांच जारी 
पुलिस की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चित्तौड़गढ़ कोतवाली में वर्ष 2022 और 2024 के दौरान चोरी, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं. इसके अलावा चित्तौड़गढ़ कोतवाली में एससी-एसटी अधिनियम से संबंधित मामला भी दर्ज बताया गया है. सालमगढ़ थाने में विद्युत ट्रांसफॉर्मर चोरी से संबंधित प्रकरण और विद्युत अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है. पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ अन्य संभावित वारदातों में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही है.

Report-Hitesh Upadhyay

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More