App

सावधान मनचलों: गरबा पंडालों में गलत नीयत से एंट्री पड़ेगी भारी, 'कालिका यूनिट' मुस्तैद, होगा ऑन-द-स्पॉट इलाज

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में नवरात्रि के गरबा-डांडिया आयोजनों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ाई है. कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला हेल्प डेस्क, CCTV और डिकॉय ऑपरेशन के साथ निर्भया हेल्पलाइन के पांच नंबर जारी किए गए हैं.

सावधान मनचलों: गरबा पंडालों में गलत नीयत से एंट्री पड़ेगी भारी, 'कालिका यूनिट' मुस्तैद, होगा ऑन-द-स्पॉट इलाज
Image Credit: नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा एक्शन.

Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है. शहर के प्रमुख गरबा पंडालों में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट लगातार गश्त कर रही है. मनचलों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी डर के उत्सव में शामिल हो सकें.

एसपी के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सिंह और बलवीर सिंह के निर्देशन में सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. देर रात तक चलने वाले गरबा आयोजनों में भी पुलिस टीमें लगातार निगरानी रखेंगी. संवेदनशील स्थानों पर डिकॉय ऑपरेशन के जरिए छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार करने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

गरबा पंडालों में बनेंगे महिला हेल्प डेस्क
प्रमुख गरबा और डांडिया स्थलों पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी. यहां पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाओं को तुरंत सहायता मिल सके. हेल्पलाइन नंबरों, राजकॉप और पुलिस से संपर्क करने के माध्यमों की जानकारी वाले पोस्टर लगाए गए हैं. इनके साथ क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे महिलाओं को मदद के लिए संपर्क तलाशने में परेशानी न हो.

आयोजन स्थलों पर प्रवेश के दौरान पहचान-पत्र और डिजिटल पास की जांच की जाएगी. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों से निगरानी रखी जाएगी. बड़े आयोजनों के आयोजकों को सुरक्षा स्वयंसेवकों की सूची भी पुलिस को उपलब्ध करानी होगी.

प्रवेश द्वार से पार्किंग तक रहेगी निगरानी
पुलिस ने गरबा स्थलों के प्रवेश और निकास द्वारों, पार्किंग क्षेत्रों तथा पंडाल तक आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने की व्यवस्था पर जोर दिया है. जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी और नियमित पेट्रोलिंग भी होगी.

ऑटो और टैक्सी चालकों के साथ बैठक कर उन्हें संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया है. वाहनों पर महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के स्टीकर लगाए गए हैं. सुरक्षा सखियों और वाई-सीएलजी सदस्यों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है. अभियान की निगरानी एएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं. बेहतर काम करने वाली पुलिस टीमों और कर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा.

महिलाएं मोबाइल में सेव करें निर्भया हेल्पलाइन के पांच नंबर
पुलिस ने महिलाओं और युवतियों से निर्भया हेल्पलाइन के पांच नंबर अपने मोबाइल में सेव रखने की अपील की है. जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है-
- 87648-66090
- 87648-66091
- 87648-66092
- 87648-66093
- 87648-66094

इन नंबरों पर लिखित, मौखिक, ऑडियो, वीडियो या रिकॉर्डिंग के माध्यम से शिकायत भेजने पर तत्काल सहायता मिलने की जानकारी दी गई है. पुलिस का कहना है कि नवरात्रि के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी जारी रहेगी.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More