App

शक की खौफनाक सजा: पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ लाठी बरसाई, फिर घने जंगल में जा छिपा कातिल पति

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के देवगढ़ थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के आरोपी पति थावर मीणा को पुलिस ने दिवाक माता के घने जंगल से गिरफ्तार किया. 12 सितंबर को लाठी से सिर पर हमला करने के बाद आरोपी फरार होकर जंगल में छिप गया था.

शक की खौफनाक सजा: पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ लाठी बरसाई, फिर घने जंगल में जा छिपा कातिल पति
Image Credit: पत्नी की हत्या के बाद घने जंगल में छिपा था पति.

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी के सिर पर लाठी से लगातार वार किए थे. गंभीर चोट लगने के बाद महिला की मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर दिवाक माता क्षेत्र के घने जंगल में जाकर छिप गया था. पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर उसे जंगल से पकड़ लिया.

12 सितंबर को घर में किया था हमला
पुलिस के अनुसार मामला 12 सितंबर का है. पारसोला थाना क्षेत्र के लोदिया तलाई फला निवासी मांगीया मीणा ने धरियावद मोर्चरी में रिपोर्ट दी थी. रिपोर्ट में बताया गया कि उनके भाई मेगला की बेटी दुर्गा की शादी देवगढ़ थाना क्षेत्र के मेंहदीखेड़ा फला, पुंजागांव निवासी थावर मीणा से हुई थी.

रिपोर्ट के अनुसार शादी के बाद से ही थावर अपनी पत्नी दुर्गा को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करता था. उस पर पत्नी के चरित्र को लेकर शक करने के साथ मारपीट के भी आरोप लगाए गए. आरोप है कि थावर कई बार दुर्गा के साथ लाठी और पत्थर से मारपीट करता था.

12 सितंबर की सुबह दुर्गा घर में काम कर रही थी. इसी दौरान थावर हाथ में लाठी लेकर वहां पहुंचा और पत्नी के सिर पर हमला कर दिया. लाठी के वार से दुर्गा के सिर में गंभीर चोट आई. परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद देवगढ़ थाना पुलिस ने बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. वारदात की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए.

पुलिस के सामने आरोपी की गिरफ्तारी बड़ी चुनौती थी, क्योंकि घटनास्थल दिवाक माता क्षेत्र के पुंजागांव और मेंहदीखेड़ा के बीच घने जंगल में स्थित है. यह इलाका डार्क जोन में भी आता है. ऐसे में पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं.

कई इलाकों में चलाया गया तलाशी अभियान
पुलिस टीमों को धरियावद, पारसोला, पंडावा, दिवाक माता, कोतवाल, पुंजागांव और मेंहदीखेड़ा के जंगलों में तलाश के लिए भेजा गया. आरोपी के संभावित ठिकानों पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई. पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए.

15 सितंबर को जंगल से पकड़ा गया आरोपी
इसी बीच 15 सितंबर को देवगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि हत्या का आरोपी थावर मीणा दिवाक माता के घने जंगल में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने जंगल में पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया.

पुलिस के अनुसार टीम को देखकर एक व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम थावर उर्फ थावरा पिता पांचीया मीणा, उम्र 28 वर्ष, निवासी मेंहदीखेड़ा, पुंजागांव, थाना देवगढ़ बताया.

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल मामले में पुलिस की जांच आगे जारी है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More