App

शादी की खरीदारी थी बाकी, बारात से पहले उठी अर्थी: प्रतापगढ़ में करंट की चपेट में आया फाइनेंस कर्मी

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के सोवनी गांव में 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से 23 वर्षीय सुरेश मेघवाल गंभीर रूप से झुलस गया. जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी.

शादी की खरीदारी थी बाकी, बारात से पहले उठी अर्थी: प्रतापगढ़ में करंट की चपेट में आया फाइनेंस कर्मी
Image Credit: हादसे में मृतक सुरेश.

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के सोवनी गांव में एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई. 11 हजार केवी विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से फाइनेंस कंपनी में काम करने वाला सुरेश मेघवाल गंभीर रूप से झुलस गया. उसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

बैंक कलेक्शन के बाद लौट रहा था सुरेश
जानकारी के अनुसार बरमंडल निवासी सुरेश पुत्र कैलाश मेघवाल पिछले करीब एक साल से एक फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था. वह सोवनी गांव में बैंक कलेक्शन और किस्त का बकाया भुगतान लेने के बाद वापस लौट रहा था. इसी दौरान गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अचानक 11 हजार केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर उसके ऊपर जा गिरा.

तार के संपर्क में आते ही सुरेश करंट की चपेट में आ गया. हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सुरेश को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका. इलाज के दौरान सुरेश की मौत हो गई.

हादसे की सूचना मिलने पर देवगढ़ थाना पुलिस भी जिला चिकित्सालय पहुंची. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया. मृतक के पिता कैलाश की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच
पुलिस अब विद्युत लाइन टूटने के कारणों समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. परिजनों की सहमति के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंपने की कार्रवाई की जाएगी.

दो महीने बाद होनी थी शादी, घर में पसरा मातम
सुरेश के परिवार में उसकी शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं. परिजनों के अनुसार सुरेश के माता-पिता किसान हैं और दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी. शादी के लिए कुछ सामान भी खरीदकर घर में रखा जा चुका था.

परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में शादी की खुशियां आएंगी लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सभी खुशियों को मातम में बदल दिया. जवान बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है.

इन बातों का रखें ध्यान
वैसे तो हादसे बताकर नहीं आते पर बिजली के टूटे तार से हमेशा दूरी बनाए रखें. गिरे तार को छूने या हटाने की कोशिश न करें. आसपास पानी हो तो और सतर्क रहें. तुरंत बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दें. बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More