App

बारां में खाद की मांग को लेकर नरेश मीणा का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी, थर्ड फ्रंट ने उतारे उम्मीदवार

Naresh Meena's fast-unto-death: बारां में किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर किसान नेता नरेश मीणा का कलेक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा. नरेश मीणा समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट में टेंट में मौजूद रहे. वहीं, अनशन से एक दिन पहले उन्होंने पंचायतीराज चुनाव में थर्ड फ्रंट के रूप में चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए जिला प्रमुख और प्रधान पदों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए.

बारां में खाद की मांग को लेकर नरेश मीणा का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी, थर्ड फ्रंट ने उतारे उम्मीदवार
Image Credit: rajasthan

Baran fertilizer crisis: बारां में किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर किसान नेता नरेश मीणा का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा. नरेश मीणा कलेक्ट्रेट परिसर में बनाए गए टेंट में रातभर अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे. किसानों की खाद संबंधी मांग को लेकर शुरू किए गए इस अनशन के बीच उन्होंने पंचायतीराज चुनाव को लेकर भी बड़ा राजनीतिक ऐलान किया.

थर्ड फ्रंट से चुनाव लड़ने का ऐलान

अनशन शुरू होने से एक दिन पहले कलेक्ट्रेट में धरने के दौरान नरेश मीणा ने पंचायतीराज चुनाव में थर्ड फ्रंट के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा की. मिनी सचिवालय के बाहर बनाए गए मंच से उन्होंने जिला प्रमुख और प्रधान पदों के लिए उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए.

घोषणा के मुताबिक छबड़ा प्रधान पद के लिए बृजभूषण शर्मा, बारां प्रधान पद के लिए ममता नागर और जिला प्रमुख पद के लिए पूर्व प्रधान संदीप शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है. ममता नागर कांग्रेस के पूर्व विधायक शिवनारायण नागर की भतीजी बताई गई हैं.

आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को मौका देने की बात

नरेश मीणा ने कहा कि थर्ड फ्रंट की ओर से ऐसे युवाओं को चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, लेकिन उनके पास जनसमर्थन है. इस ऐलान के साथ थर्ड फ्रंट ने आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक तैयारी सामने रखी है.

विधानसभा चुनाव के लिए भी नाम घोषित

मंच से विधानसभा चुनाव को लेकर भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई. किशनगंज-शाहाबाद से रामहेत मीणा, अंता से पूर्व सभापति कमल राठौर और छबड़ा विधानसभा सीट से नरेश मीणा के चुनाव लड़ने का ऐलान किया गया.

कांग्रेस से जुड़े नेताओं के थर्ड फ्रंट में आने का दावा

नरेश मीणा के मुताबिक धाकड़ समाज से जुड़े कई कांग्रेस नेता भी थर्ड फ्रंट के साथ आए हैं. इनमें अटरू प्रधान वंदना नागर और उनके पति रामेश्वर नागर, बामला से कांग्रेस नेता निर्मल नागर और उनकी पत्नी ममता नागर शामिल हैं. किशनगंज के पूर्व प्रधान रामहेत मीणा और पूर्व प्रधान संदीप शर्मा पहले से ही थर्ड फ्रंट के साथ बताए गए हैं.

नगर परिषद चुनाव की सफलता से उत्साह

नरेश मीणा ने बताया कि नगर परिषद चुनाव में थर्ड फ्रंट को मिली सफलता के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह है. अब पंचायतीराज चुनाव में भी थर्ड फ्रंट ने उम्मीदवारों की घोषणा के साथ अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है. फिलहाल किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नरेश मीणा का आमरण अनशन कलेक्ट्रेट परिसर में दूसरे दिन भी जारी है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More