)
राजस्थान के चूरू के सादुलपुर पंचायत राज चुनाव को लेकर लुटाना-मगनी गांव में कांग्रेस की चुनावी सभा आयोजित हुई. सभा में चूरू सांसद राहुल कस्वां ने शिरकत कर कांग्रेस प्रत्याशी रवीना रेप्सवाल के समर्थन में ग्रामीणों से वोट देने की अपील की. सभा में पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया भी मौजूद रहीं. चुनावी सभा के दौरान सांसद राहुल कस्वां ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ पर तीखे तंज कसे.
सांसद राहुल कस्वां ने गांव की वर्षों पुरानी समस्या का जिक्र करते हुए गोरी दादी मंदिर के सामने बने गंदे पानी के तालाब को लेकर बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि इस स्थान पर गंदे पानी की समस्या समाप्त कर सार्वजनिक चौक विकसित करवाने के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपए दिए जाएंगे. इस घोषणा पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की.
सभा को संबोधित करते हुए सांसद राहुल कस्वां ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि काका गांवों में झूठी घोषणाएं कर रहे हैं, उनके चक्कर में मत पड़ना. पानी की टंकी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गांव में पहले से पानी की टंकी बनी हुई है, लेकिन उसमें अभी तक पाइपलाइन नहीं डाली जा रही है. जब पहले से बनी टंकी का ही ग्रामीणों को लाभ नहीं मिल रहा, तो नई टंकी की घोषणाओं का क्या फायदा. सांसद ने भाजपा नेताओं की घोषणाओं और विकास के दावों पर सवाल उठाए.
पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं पर ग्रामीणों को गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने भीमसेन डैम के मुद्दे पर कहा कि सरकारी जमीन पर डैम का निर्माण हो सकता है. उन्होंने इस मुद्दे को लेकर अपनी बात रखते हुए ग्रामीणों को वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया.
सभा के अंत में सांसद राहुल कस्वां और पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया ने पंचायत समिति सदस्य वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रवीना रेप्सवाल के पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट होकर कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया. लुटाना-मगनी की इस चुनावी सभा में विकास कार्यों की घोषणाओं के साथ-साथ भाजपा पर राजनीतिक हमले भी चर्चा का केंद्र रहे.