'हट जा ताऊ' गाने पर जमकर थिरकीं विधायक ऋतु बनावत, विदा हो रही छात्राओं को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
Ritu Banawat: भरतपुर के बयाना स्थित देवनारायण राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में फ्रेशर्स एवं फेयरवेल समारोह का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने छात्राओं के साथ 'हट जा ताऊ' गाने पर डांस किया. उन्होंने नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत किया और विदा हो रही छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
Rajasthan News: देवनारायण राजकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में फ्रेशर्स एवं फेयरवेल समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के माहौल में हुआ. कार्यक्रम में बयाना विधायक डॉ. ऋतु बनावत भी शामिल हुईं. इस दौरान विधायक का छात्राओं के साथ अलग अंदाज देखने को मिला. उन्होंने छात्राओं के साथ 'हट जा ताऊ' गाने पर जमकर डांस किया. विधायक को अपने बीच डांस करते देख छात्राओं का उत्साह भी बढ़ गया और कार्यक्रम में खुशी का माहौल छा गया.
नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत
समारोह में विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने महाविद्यालय में नई प्रवेश लेने वाली छात्राओं का स्वागत किया. वहीं, कॉलेज से विदा हो रही छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने और अपने अंदर नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया.
पौधारोपण कर दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पौधारोपण भी किया. उन्होंने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया. विधायक ने कहा कि छात्राएं शिक्षा हासिल करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाएं. समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया.