App

जोधपुर में मदन राठौड़ ने गिनाए सरकार के काम: निकाय चुनाव परिणाम को बताया जनता के विश्वास की जीत, पंचायत चुनाव को लेकर भी जताया भरोसा

Rajasthan Politics: राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान आगामी पंचायत चुनावों के लिए भाजपा के बूथ स्तर तक मजबूत संगठन का दावा किया और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाओं पर जोर दिया. राठौड़ ने EWS, SIR और EVM से जुड़े मुद्दों पर भी पार्टी का पक्ष रखा.

जोधपुर में मदन राठौड़ ने गिनाए सरकार के काम: निकाय चुनाव परिणाम को बताया जनता के विश्वास की जीत, पंचायत चुनाव को लेकर भी जताया भरोसा
Image Credit: Zee Media

Rajasthan Politics: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ रविवार रात जोधपुर पहुंचे. सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत बताया. मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ आम नागरिक का जीवन स्तर बेहतर करने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं.

सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया- मदन राठौड़

पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंतिम छोर के व्यक्ति को मजबूत करने की सोच के आधार पर सरकार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जनता ने इन कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है. उन्होंने भजनलाल सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए बिजली, चिकित्सा, किसानों के लिए सम्मान निधि में राज्य सरकार की ओर से 3000 रुपये जोड़ने, एमएसपी बढ़ाने, बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता, औद्योगिक विकास और राइजिंग राजस्थान जैसे प्रयासों को गिनाया.

राठौड़ ने दावा किया कि सरकार ने सरकारी नौकरियों के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पर भी काम किया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में पार्टी ने स्थानीय निकायों को मजबूत करने का संकल्प पत्र जारी किया था. शहरों में ड्रेनेज, सड़क, अंडरपास, ओवरब्रिज, पानी की निकासी, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में काम किया जाएगा.

राठौड़ ने स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम को बताया जनता के विश्वास की जीत

मदन राठौड़ ने आगे कहा कि भाजपा का लक्ष्य डबल इंजन की सरकार को ट्रिपल इंजन की सरकार में बदलकर विकास को गति देना है. उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम को भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास की जीत बताया. आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और बूथ कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक सभी एकजुट हैं. भाजपा का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी शहरी क्षेत्रों के नागरिकों की तरह बेहतर सुविधाएं मिलें. उन्होंने पंचायत चुनावों में भी जनता के समर्थन का भरोसा जताया.

EWS को राहत देने की शुरुआत भाजपा सरकार ने की

EWS के मुद्दे पर मदन राठौड़ ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत देने की शुरुआत भाजपा सरकार ने की थी. इसमें जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए सरकार प्रयास करेगी और सामान्य वर्ग के जरूरतमंद लोगों को भी राहत देने के लिए विचार किया जाएगा. SIR के मुद्दे पर राठौड़ ने कहा कि देश की सत्ता तय करने का अधिकार देश के नागरिकों को ही होना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि SIR में मतदाता सूची में नाम के लिए पारिवारिक लिंक की व्यवस्था की जा रही है. वहीं कांग्रेस पर बाहर के लोगों को वोटर बनाने का आरोप लगाया और कहा कि इस मुद्दे पर पारदर्शिता जरूरी है.

ईवीएम और चुनाव परिणामों पर राठौड़ ने कांग्रेस पर कसा तंज

ईवीएम और चुनाव परिणामों पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर राठौड़ ने कहा कि जहां विपक्ष जीतता है, वहां ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते, जबकि हार के बाद ईवीएम या SIR को जिम्मेदार ठहराया जाता है. उन्होंने चुनाव आयोग को स्वतंत्र संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए.

फायर फाइटर्स के झुलसने के मामले पर मदन राठौड़ ने जताई चिंता

बासनी क्षेत्र में केमिकल फैक्ट्री हादसे में फायर फाइटर्स के झुलसने के मामले पर मदन राठौड़ ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि आग बुझाने के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है. उन्होंने कहा कि घायलों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए हैं और परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी.

राठौड़ ने कहा कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी. यदि कोई गतिविधि जानलेवा या अवैध पाई जाती है, तो उसके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने फायर फाइटर्स के उपकरणों में कमी की बात से इनकार करते हुए कहा कि आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं और आगे भी किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी. उन्होंने बताया कि आग बुझने के बाद केमिकल वाले हिस्से में दोबारा आग भड़कने से यह हादसा हुआ, जिसकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh

Aman Singh

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More