App

चुनावी खर्च के लिए चाहिए था पैसा! व्यापारी के मुनीम से 1.18 करोड़ की लूट, नेताजी समेत 4 गिरफ्तार

बांसवाड़ा के गेमन पुल के पास 17 सितंबर को व्यापारी के प्रतिनिधियों की कार रोककर 1.18 करोड़ रुपए लूटने के मामले का आंबापुरा पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र से अजय डिंडोर, प्रकाश कटारा, मोहनलाल और कन्हैयालाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात कबूल की है. इनमें अजय डिंडोर के एक राजनीतिक दल से जुड़े होने की बात सामने आई है. प्रारंभिक पूछताछ में चुनावी खर्च के लिए रकम जुटाने की बात भी सामने आने का पुलिस ने दावा किया है.

चुनावी खर्च के लिए चाहिए था पैसा! व्यापारी के मुनीम से 1.18 करोड़ की लूट, नेताजी समेत 4 गिरफ्तार
Image Credit: Banswara News

Banswara News: बांसवाड़ा में रतलाम रोड स्थित गेमन पुल के पास व्यापारी के मुनीम से हुई करोड़ों रुपए की लूट के मामले में आंबापुरा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय डिंडोर, प्रकाश कटारा, मोहनलाल और कन्हैयालाल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ में गेमन पुल पर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है.

ट्रैक्टर खड़ा कर कार को रोका

आंबापुरा थानाधिकारी निर्भयसिंह राणावत के अनुसार 17 सितंबर को दो व्यापारी प्रतिनिधि रतलाम से बांसवाड़ा की ओर आ रहे थे. इसी दौरान गेमन पुल से पहले आरोपियों ने कथित तौर पर ट्रैक्टर को सड़क के बीच में खड़ा कर कार का रास्ता रोक दिया. इसके बाद कार पर तोड़फोड़ की गई. अचानक हुए हमले से कार में सवार लोग बचने के लिए वहां से भाग निकले. इसी दौरान आरोपी कार को लेकर फरार हो गए.

कार में एक बैग रखा था, जिसमें 1 करोड़ 18 लाख रुपए बताए गए हैं. वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की.

रतलाम मार्ग से लेकर नवागांव तक तलाश

पुलिस जांच में सामने आया कि लूटी गई कार रतलाम मार्ग से होते हुए नवाटापरा, देवगढ़ और फिर नवागांव क्षेत्र की तरफ पहुंची थी. पुलिस ने इस रूट और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई. इसके बाद सदर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से चार संदिग्धों को पकड़ा गया.

पुलिस ने अजय डिंडोर, प्रकाश कटारा, मोहनलाल और कन्हैयालाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गेमन पुल पर लूट की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की.

आरोपी का राजनीतिक कनेक्शन भी सामने आया

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से अजय डिंडोर का एक राजनीतिक दल से कनेक्शन सामने आने की बात पुलिस ने कही है. प्रारंभिक पूछताछ में चुनाव में खर्च के लिए रकम जुटाने के उद्देश्य से लूट की वारदात करने की बात सामने आने का दावा किया गया है.

हालांकि, चुनावी खर्च के लिए लूट किए जाने का कारण फिलहाल पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ पर आधारित है. मामले में पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है और लूटी गई रकम की बरामदगी समेत वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More