)
Churu News: राजस्थान के चूरी जिले में सरदारशहर के एसडीएम कार्यालय में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अधिवक्ता दिलीप सिंह ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया. मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने तत्काल बीच-बचाव कर उन्हें बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया.
रीडर पर फाइलों में गड़बड़ी करने का आरोप
मामला एसडीएम कार्यालय में कार्यरत रीडर संदीप भोजक से जुड़ा बताया जा रहा है. अधिवक्ताओं ने रीडर पर फाइलों में गड़बड़ी करने और बैक डेट में फैसले किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं एसडीएम महिपाल सिंह राजावत भी तत्काल कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
APO के बाद भी सांठगांठ कर जॉइनिंग लेने का आरोप
बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र राजपुरोहित ने आरोप लगाया कि एसडीएम कार्यालय में कार्यरत रीडर संदीप भोजक के खिलाफ अधिवक्ताओं द्वारा पहले भी धरना दिया गया था और उन्हें APO करवाया गया था. उनका आरोप है कि बाद में अधिकारियों से सांठगांठ कर बिना किसी जांच के संदीप भोजक ने वापस इसी एसडीएम कार्यालय में जॉइनिंग ले ली.
फाइलों में पुरानी तारीख में फैसले किए जाने का आरोप
राजेंद्र राजपुरोहित के अनुसार, हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें फाइलों में पुरानी तारीख में फैसले किए जाने का आरोप है. इसी को लेकर अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है. उन्होंने कहा कि आज उनके साथी अधिवक्ता दिलीप सिंह ने रीडर से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास किया. मौके पर कई अधिवक्ता मौजूद होने के कारण समय रहते उन्हें रोक लिया गया और कोई बड़ी घटना नहीं हुई.
SDM ने रीडर को कार्यालय से हटवाने की बात कही
एसडीएम महिपाल सिंह राजावत ने बताया कि वे नगर परिषद उप सभापति चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया में थे. इसी दौरान घटना की सूचना मिलने वे तुरंत एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अधिवक्ताओं से पूरे मामले की जानकारी ली. एसडीएम ने कहा कि मामले से जिला कलेक्टर को अवगत करवाया जाएगा और रीडर संदीप भोजक को एसडीएम कार्यालय से हटवाने की कार्रवाई की जाएगी. मौके पर फिलहाल स्थिति शांत बनी हुई है.
रीडर को नहीं हटाने पर दोबारा धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी
अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि एक दिन के भीतर रीडर संदीप भोजक को एसडीएम कार्यालय से नहीं हटाया गया, तो वे दोबारा धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना के बाद एसडीएम कार्यालय में अधिवक्ताओं के बीच आक्रोश का माहौल बना हुआ है.