App

बैलेट पेपर पर 'कटहल', रिजल्ट शीट में बन गया 'बैंगन' ! सांगोद पंचायत चुनाव के नतीजों में गजब का खेल

सांगोद के हिंगी पंचायत के जारी हो चुके चुनाव परिणाम में बड़ी चूक का आरोप लगा है. पीड़िते के मुताबिक बैलेट पेपर में क्रमांक 3 पर सरपंच अभ्यर्थी बनवारी का कटहल का चुनाव चिन्ह छपा था, जबकी परिणाम शीट पर बैंगन का चिन्ह, इस आरोप के बाद फिर से मतगणना की मांग की जा रही है.

बैलेट पेपर पर 'कटहल', रिजल्ट शीट में बन गया 'बैंगन' ! सांगोद पंचायत चुनाव के नतीजों में गजब का खेल
Image Credit: kota sangod hingi panchayat sarpanch election result controversy

कोटा के सांगोद के ग्राम पंचायत हिंगी में 24 अक्टूबर 2026 को हुए सरपंच पद के चुनाव की मतगणना प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया है. सरपंच पद के प्रत्याशी चंद्रप्रकाश नागर ने मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुनः मतगणना (री-काउंटिंग) कराने की मांग की है.

प्रत्याशी चंद्रप्रकाश नागर का आरोप है कि मतगणना के दौरान उनके काउंटिंग एजेंट की तरफ से गड़बड़ी की आशंका जताते हुए दोबारा मतगणना कराने की मांग की गई थी, लेकिन निर्वाचन टीम ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया और बिना री-काउंटिंग कराए ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिया.

प्रत्याशी ने मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि किसी भी प्रत्याशी को मतपत्र नहीं दिखाए गए. निर्वाचन टीम ने स्वयं ही मतपत्रों की छंटनी की और मतों की गणना कर चुनाव परिणाम घोषित कर दिया. इससे मतगणना की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

इसके अलावा प्रत्याशी के मुताबिक, क्रम संख्या 3 पर चुनाव लड़ रहे बनवारी नाम के प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह कटहल था, लेकिन जारी की गई परिणाम शीट में उनके चुनाव चिन्ह के स्थान पर बैंगन अंकित कर दिया गय. साथ ही, प्रत्याशी का आरोप है कि काउंटिंग एजेंट के हस्ताक्षर के बिना ही चुनाव परिणाम जारी कर दिया गया.

इन सभी बिंदुओं को लेकर चंद्रप्रकाश नागर ने जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला कलेक्टर कोटा, उपखंड अधिकारी सांगोद एवं जिला न्यायाधीश कोटा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई है. चंद्रप्रकाश नागर ने संबंधित अधिकारियों एवं न्यायालय से मांग की है कि मतगणना से संबंधित सभी रिकॉर्ड, मतपत्र, परिणाम शीट एवं अन्य दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए दोबारा मतगणना (री-काउंटिंग) करवाई जाए.

चंद्रप्रकाश नागर का कहना है कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए है. अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन एवं न्यायालय की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है.आपको बता दें कि सांगोद पंचायत समिति में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी और नतीजे 20 नवंबर को आने है. वहीं सरपंच पद के लिए 25 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी और उसी दिन रिजल्ट आ गया था.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Chetan Gurjar

Chetan Gurjar

चेतन गुर्जर , राजस्थान के टोंक जिले के गांव थड़ी से आते हैं. उन्होंने साल 2019 में जयपुर से पत्रकारिता की शुरुआत की और आज तक (Aaj Tak) के साथ अपनी सेवाएं दीं. फिर साल 2023 में उन्होंने कोटा में रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाली. वे कोटा जिले की प्रमुख खबरों, अपराध, राजनीति, शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते रहे हैं. अक्टूबर 2026 से उन्होंने जी मीडिया (Zee Media) के साथ नई शुरुआत की है और अब कोटा में जी मीडिया के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Read More