बच्ची को जन्म देने के 2 घंटे बाद ही बिगड़ी तबीयत, जेके लोन अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत, मचा हड़कंप
कोटा के JK लोन अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रीति की मौत हो गई. परिजनों ने इलाज और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. इससे पहले भी कोटा में कई प्रसूताओं की मौत हो चुकी है.
राजस्थान के कोटा संभाग में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की बिगड़ती हालत और मौत के मामलों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच महिलाओं और उनके परिजनों में भय का माहौल है. अब कोटा के जेके लोन अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद एक और महिला प्रीति की मौत का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं और प्रसूताओं की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इंद्रगढ़ से JK लोन अस्पताल किया था रेफर
जानकारी के अनुसार, प्रीति को 8 नवंबर यानी दीपावली के दिन प्रसव के लिए इंद्रगढ़ अस्पताल ले जाया गया था. वहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए कोटा के जेके लोन अस्पताल रेफर कर दिया. अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए प्रीति ने एक बच्ची को जन्म दिया. परिजनों के मुताबिक, डिलीवरी के करीब दो घंटे बाद ही महिला को सांस लेने में परेशानी होने लगी. इसके बाद उसकी तबीयत में लगातार गिरावट आती गई.
यह भी पढे़ं- सास को देखने अस्पताल पहुंचा था दामाद, साले ने चाकू घोंपकर कर दी जीजा की हत्या, जानें वजह
सांस लेने में परेशानी, लंग्स और किडनी पर असर
प्रीति के पति भंवरलाल का आरोप है कि शुरुआत में डॉक्टरों ने पत्नी को पीलिया होने की जानकारी दी. इसके बाद लीवर और किडनी प्रभावित होने की बात कही गई. महिला के फेफड़ों में भी परेशानी बताई गई. परिजनों के अनुसार, पिछले तीन से चार दिनों से उसका यूरिन आउटपुट पूरी तरह बंद था और किडनी फेलियर की स्थिति सामने आई. लगातार उपचार के बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ, बल्कि स्थिति बिगड़ती चली गई.
अस्पताल की मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल
इस मामले ने जेके लोन अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि प्रसूताओं और नवजात शिशुओं की बेहतर मॉनिटरिंग के लिए राजस्थान सरकार की ओर से कुछ दिन पहले ही अस्पताल को अवार्ड दिया गया था. ऐसे में लगातार सामने आ रहे मामले चिंता बढ़ा रहे हैं.
यह भी पढे़ं- क्राइम की राह छोड़कर सरपंची के मैदान में उतरने वाला था हिस्ट्रीशीटर, भारी पड़ गई पुरानी 'कुंडली', ऐसे टूटा सपना
पहले भी हो चुकी हैं कई प्रसूताओं की मौत
आंकड़ों के अनुसार, मई महीने में कोटा मेडिकल से जुड़े अस्पतालों में 5 प्रसूताओं की मौत हुई थी. वहीं अक्टूबर में भी 4 महिलाओं की जान जा चुकी है. अब प्रीति का मामला सामने आने के बाद चिकित्सा व्यवस्था और प्रसूताओं की सुरक्षा को लेकर जवाबदेही की मांग उठने लगी है.
Reporter- Rahul Joshi