12 करोड़ का 'खामोश' घंटा : 8 KM तक गूंजनी थी आवाज, 3 साल से सांचे में कैद
कोटा में जिस घंटे की गूंज 8 किलोमीटर दूर तक सुनाई देनी थी, वो 13 धातुओं का 79 टन वजनी विशालकाय ढांचा पिछले तीन साल से एक सांचे में कैद है. कोटा के चंबल रिवर फ्रंट को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के लिए 12 करोड़ रुपये की लागत से देश का सबसे बड़ा घंटा तैयार किया गया था. लेकिन आज यही प्रोजेक्ट सरकार की नजर में एक 'व्यर्थ खर्च' बन चुका है.
नवंबर 2023 में इसे सांचे से निकालते समय हुए दर्दनाक हादसे (जिसमें चीफ इंजीनियर देवेंद्र आर्य की जान चली गई थी) के बाद से ये भव्य आकर्षण अपनी जगह पर खामोश पड़ा है. अब नगर विकास विभाग. ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि जब तक घंटा अपनी निर्धारित जगह पर स्थापित नहीं होता, ठेकेदार को दिए गए 12 करोड़ के अग्रिम भुगतान की रिकवरी की जाएगी. 1000 दिन से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद, अब सवाल ये है कि कोटा का ये सबसे बड़ा आकर्षण आखिर कब अपनी पहली गूंज सुनाएगा ?
ये मामला यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के कोटा दौरे के बाद फिर चर्चा में आया. चंबल रिवर फ्रंट और यहां तैयार की गई विभिन्न सुविधाओं का मामला सामने आने के बाद घंटा लगाने की परियोजना की स्थिति की पड़ताल की गई. इसमें सामने आया कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद घंटा निर्धारित स्थान पर नहीं लग पाया है.
12 करोड़ खर्च, लेकिन घंटा आज भी सांचे में कैद
चंबल रिवर फ्रंट पर स्थापित किए जाने वाले इस विशाल घंटे को 13 अलग-अलग धातुओं से तैयार किया गया था. इसका वजन करीब 79 टन बताया गया है. इसे इस तरह डिजाइन किया गया था कि घंटा बजने पर इसकी आवाज करीब 8 किलोमीटर दूर तक सुनाई दे. ये रिवर फ्रंट के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होना था. इसके निर्माण और स्थापना पर करीब 12 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं. लेकिन घंटा जिस विशेष सांचे में तैयार किया गया था, उसी में कैद रह गया. जिस भव्य आकर्षण को पर्यटकों के लिए तैयार किया गया था, वह आज भी इस्तेमाल में नहीं आ सका है.
19 नवंबर 2023 को हादसे में इंजीनियर की हुई थी मौत
घंटे को सुरक्षित तरीके से स्थापित करने के लिए विशेष तकनीकी व्यवस्था की जा रही थी. इसी दौरान 19 नवंबर 2023 को सांचे से बाहर निकालने के काम के समय बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में मुख्य इंजीनियर देवेंद्र आर्य की मौत हो गई थी. हादसे के बाद घंटे को सांचे से सुरक्षित बाहर निकालने और निर्धारित स्थान पर स्थापित करने का काम प्रभावित हो गया. इसके लिए विशेष तकनीक और विशेषज्ञों की जरूरत थी. इसके बावजूद लंबे समय तक यह काम पूरा नहीं हो सका. नतीजा यह रहा कि करोड़ों रुपए की लागत से तैयार घंटा आज भी अपनी जगह पर स्थापित होने का इंतजार कर रहा है.
सरकार ने कहा- घंटा नहीं लगा तो पूरा खर्च माना जाएगा बेकार
इस मामले में नगर विकास विभाग के उप शासन सचिव (द्वितीय) रोशन कुमार गुप्ता की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि जब तक घंटा निर्धारित स्थान पर स्थापित नहीं किया जाता, तब तक इस मद में किया गया खर्च व्यर्थ (वेस्टफुल एक्सपेंडिचर) माना जाएगा. यानी अब सरकार ने इस मामले में ठेकेदार की जवाबदेही तय करते हुए पहले भुगतान की गई राशि वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने का रुख अपनाया है.
1000 दिन से ज्यादा बीते, लेकिन नहीं हो पाया समाधान
चंबल रिवर फ्रंट की इस परियोजना को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं. निर्माण के दौरान हुए हादसे के बाद से घंटा लगाने का काम अटका हुआ है. इस बीच करीब तीन साल का समय गुजर चुका है, लेकिन अब तक इसे निर्धारित स्थान पर स्थापित नहीं किया जा सका. इस मामले में पूर्ववर्ती सरकार के समय भी परियोजना को लेकर सवाल उठे थे. अब नई सरकार के कार्यकाल में भी करीब 1000 दिन बीतने के बावजूद घंटे की स्थापना और भुगतान की जिम्मेदारी को लेकर कोई अंतिम समाधान सामने नहीं आया है.
पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बनने वाला था घंटा
चंबल रिवर फ्रंट कोटा में पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना के तहत विकसित किया गया था. इसी क्रम में 79 टन के इस विशाल घंटे को विशेष आकर्षण के रूप में तैयार कराया गया. इसकी आवाज 8 किलोमीटर तक सुनाई देने का दावा किया गया था. लेकिन जिस घंटे को रिवर फ्रंट की पहचान बनना था, वह अब तक पर्यटकों के सामने अपने वास्तविक स्वरूप में नहीं आ पाया है. अब सरकार के रिकवरी नोटिस के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि करीब 12 करोड़ रुपए खर्च होने के बावजूद घंटा कब स्थापित होगा और इस पूरी परियोजना में हुई देरी की जिम्मेदारी किसकी तय होगी.
ये भी पढ़ें : कोटा में रात 2 बजे तक होगी शॉपिंग ! 250 दुकानों वाला नाइट मार्केट होगा शुरू